कोझिकोड के विमान हादसे की पहली तस्वीरें

दुबई से आ रहा एयर इंडिया का एक विमान केरल के कोझीकोड एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम लैंडिंग के दौरान फिसल गया। इस फ्लाइट में 190 यात्री सवार थे। इनमें 128 पुरुष, 46 महिला, 10 बच्चे और 7 क्रू मेंबर शामिल थे। इस बीच, केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन के मुताबिक, विमान के दोनों पायलेट्स इस दुर्घटना में मारे गए हैं। करीब 20 से 30 लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती किया गया है। केरल की कोंदोत्ती पुलिस के अनुसार आज शाम पौने 8 बजे विमान हादसे का शिकार हुआ है। कोझिकोड में विमान हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। फिलहाल कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

केरल के कोझिकोड में विमान हादसे पर गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया। बोले- NDRF को जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाने का निर्देश दिया है। इस हादसे के बाद केरल पुलिस का कहना है कि अब तक 35 घायलों को विमान से निकाला गया है और विभिन्न स्थानीय अस्पतालों में एडमिट कराया गया है। बाकि लोगों को खोजने का काम जारी है।

दुर्घटना का शिकार हुए विमान का नंबर IX1344 है। यह प्लेन दुबई से शाम के 4 बजकर 45 मिनट पर उड़ा था। जानकारी के मुताबिक, शाम को 7 बजकर 41 मिनट पर लैंडिंग के वक्त प्लेन रनवे से फिसलकर घाटी में जा गिरा।

हादसा इतना जबरदस्त था कि इसके कारण विमान दो हिस्सों में टूट गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद तत्काल राहत टीमों को मौके पर भेजा गया।