जोधपुर : पक्षी हो रहे बर्ड फ्लू का शिकार, मृत पक्षी दिखें तो छूने की गलती ना करें, कंट्रोल रूम लगाए फोन

बर्ड फ्लू रोकथाम को लेकर बैठक में कलेक्टर ने सरकारी निर्देशों की पालना के दिए निर्देशजिले में एवियन इन्फ्लूएंजा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना की जाए। जिले में स्थित वेटलैंड्स सहित तमाम ऐसे स्थान जहां पक्षी अधिक पाए जाते हैं, वहां प्रभावी मॉनिटरिंग हो।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह ने गुरुवार को बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए आयोजित बैठक के दौरान ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में बर्ड फ्लू के संबंध में जिला प्रशासन व पशुपालन विभाग पूरी तरह से सतर्क है।
किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए 17 रैपिड रेस्पॉन्स टीमों का गठन किया जा चुका है। ये टीमें जिला व ब्लॉक स्तर पर गठित की गई हैं। इनके द्वारा लगातार फील्ड विजिट भी की जा रही है।कलेक्टर ने कहा कि जिले में अब तक जांच के लिए भेजे गए मृत पक्षियों की बर्ड फ्लू की रिपोर्ट नेगेटिव ही आई है। साथ ही जिले में बर्ड फ्लू के संबंध में समस्त आवश्यक ऐहतियात भी बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि अपने घर की छत या आसपास मृत पक्षियों को देखें तो उसे हाथ लगाने के स्थान पर सुरक्षित निस्तारण के लिए पशुपालन कार्यालय द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0291-2616422 पर सूचना दें।