प्लीज समझो! अगर कोरोना को हराना है तो घर में रहें

भारत में भी कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी अपना विकराल रूप लेती जा रही है। कोरोना से इस लड़ाई के बीच देश के 548 जिलों में लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। देश में हर दिन बड़ी स्पीड से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है, साथ ही कोरोना पॉजिटिव लोगों की मौत का ग्राफ भी हर रोज बढ़ रहा है। लेकिन लॉकडाउन के बावजूद लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं, जो कि बेहद खतरनाक है। लॉकडाउन का कढ़ाई से पालन न करने के बाद कई जगहों पर कर्फ्यू लगाया गया है। देश के प्रमुख स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने भी इस पर जोर दिया है। ICMR (Indian Council Of Medical Research) की एक ताजा स्टडी में दावा किया गया है कि अगर सख्ती से घरों में रहने का ये फॉर्मूला सफल हो जाए तो कोरोना को बहुत हद तक हराया जा सकता है।

भारत में कोरोना वायरस अभी स्टेज 2 पर है और तीसरे स्टेज की ओर बढ़ रहा है। इस स्टेज में कोरोना कम्यूनिटी स्प्रेड होता है। यानी कोरोना वायरस का सामुदायिक संक्रमण। अगर ये होने लगा तो हालात बेकाबू हो जाएंगे। ICMR के अनुसार, सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) से कोरोना वायरस के कुल संभावित मामलों की संख्या 62% तक कम हो जाएगी साथ ही पीक केसों की संख्या 89% तक गिर सकती है।

ऐसे में ये जरूरी है कि सरकार ने लॉकडाउन का जो रास्ता अपनाया है उस पर पूरी तरह अमल किया जाए। दुनिया के दूसरे देशों से अब तक जो खबरें आई हैं उसमें यही सामने आया है कि जिन देशों ने होम क्वारंटीन और लॉकडाउन समय रहते अपनाया वहां कोरोना वायरस अपनी जड़ नहीं जमा पाया। सिंगापुर, हांगकांग और दक्षिण कोरिया इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं। WHO ने भी लॉकडाउन के साथ प्रॉपर टेस्टिंग और संक्रमितों की पहचान को ही बड़ा बचावा माना है। अब भारत भी इसी रास्ते पर है। ऐसे में जनता के सहयोग से कोरोना को हराया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी आंकड़ें पेश कर बताया है कि घर में रहना क्यों जरूरी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'जागो लोगों जागो। 29 फरवरी को अमेरिका में केवल 68 केस थे और 3 मृत्यु हुई थी। 25 दिनों में सीन बदला अब 40,000 मामले हैं और 400 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हुई है। इटली में 1 महीने पहले चंद मामले थे और 1-2 मृत्यु हुई थी। आज 40,000 से ज्यादा मामले हैं और लगभग 5000 मृत्यु हुई हैं। स्वयं बचो और दुसरो को भी बचाओ। घर में रहो। एक ही मंत्र घर में रहो।'