उत्तराखंड : पत्नी को फंदे से लटकाया, हत्या कर दिखाई आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड में पौड़ी के पैठाणी थानाक्षेत्र के खंडखिल गांव में 18 सितंबर को सूचना मिली थी कि पुष्कर सिंह रावत की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। अगले दिन फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार महिला के गले पर फंदे का निशान था और शरीर पर किसी और चोट का निशान नहीं था। 19 सितंबर को महिला के भाई विनोद सिंह चौहान ने जीजा पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद एसएसपी पौड़ी पी रेणुका देवी ने मामले में सभी पहलुओं पर जांच के निर्देश दिए थे।

थानाध्यक्ष प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में पति से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या कर दी थी। बाद में उसने इसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश भी रची।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद में पति ने चुन्नी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी थी और बाद में उसका शव फंदे से लटका दिया था। इसके बाद आरोपी ने पड़ोसियों और रिश्तेदार को सूचना दी कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में उसने हत्या का बात कबूल कर ली।