उदयपुर : बेलगाम होता जा रहा कोरोना, आज सामने आए इतिहास में एक दिन के सबसे ज्यादा मामले

प्रदेश में बढ़ता कोरोना चिंता का कारण बनता जा रहा हैं। आज राजस्थान में कोरोना के 6200 मामले सामने आए जहां राजधानी जयपुर में सबसे ज्यादा 1325 मामले आए थे इसके बाद लेकसिटी उदयपुर में कोरोना बेलगाम होता जा रहा हैं। आज उदयपुर के इतिहास में एक दिन के सबसे ज्यादा 918 नए संक्रमित मामले सामने आए हैं। इसके बाद उदयपुर में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 19 हजार को पार कर गया है। उदयपुर के अतिरिक्त कलेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या के साथ ही कंटेनमेंट जोन में भी इजाफा हुआ है। उदयपुर में अब तक कुल 106 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। जहां आम आदमी की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
14 दिन में 6103 मरीज आए सामने

उदयपुर में अप्रैल महीना शुरू होते ही कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ दिनों दिन बढ़ रहा है। 1 अप्रैल को उदयपुर में 123 संक्रमित सामने आए थे, जो बढ़कर 2 अप्रैल को 136, 3 अप्रैल को 128, 4 अप्रैल को 137, 5 अप्रैल को 198, 6 अप्रैल को 367, 7 अप्रैल को 410, 8 अप्रैल को 497, 9 अप्रैल को 360, 10 अप्रैल को 527, 11 अप्रैल को 864, 12 अप्रैल को 864, 13 अप्रैल को 729 और अब यह आंकड़ा 14 अप्रैल को 918 पर पहुंच गया है।