जयपुर : आपस में टकरा गई तेज रफ़्तार छह कारें, राहगीरों ने निकाला फंसे लोगों को बाहर

मंगलवार शाम राजधानी जयपुर में जबरदस्त हादसा देखने को मिला जहां एक के पीछे एक छह कारें आपस में टकरा गई। यह हादसा टोंक रोड पर गोपालपुरा बाइपास रोड पर त्रिवेणी नगर पुलिया पर हुआ। दरअसल तेज रफ्तार गाड़ियां त्रिवेणी पुलिया पर चढ़ रही थी। तभी सबसे आगे चल रही कार के चालक ने अचानक किसी वाहन के आगे पर एक्सीडेंट से बचने की कोशिश में ब्रेक लगा दिए। घटना का पता चलने पर दुर्घटना थाना दक्षिण और बजाज नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कारों को क्रेन की मदद से हटाया गया। वहां काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रहीं। एक बारगी क्षतिग्रस्त कारों के चालक आपस में उलझ पड़े।
इससे पीछे तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक रुकी कार के पिछले हिस्से से टकराईं। फिर चंद सैकंड में ही पीछे आ रही अन्य पांच छह गाड़ियां भी एक दूसरे से तेज रफ्तार में होने से टकरा गई। हादसे में सबसे आगे और सबसे पीछे मौजूद कार को छोड़कर बीच में मौजूद कारें दोनों तरफ से क्षतिग्रस्त हो गई। इनमें सवार चालक और उनके परिवार के लोग अंदर ही फंस गए। कारों के आपस में टकराने से जोरदार आवाज हुईं। इससे अन्य राहगीर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। दुपहिया वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोकी। इनमें कुछ मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में जुट गए। वहीं, कुछ राहगीरों ने कार में फंसे लोगों को मदद कर बाहर निकाला। दो लोगों के चोटें आना बताया जा रहा है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।