राजस्थान : सूरज के तल्ख तेवर करेंगे परेशान, कल से नौतपा की तपन कराएगी गर्मी का अहसास

गर्मियों के दिनों में राजस्थान में तापमान बहुत ऊंचा जाता है और तपन बढ़ने लगती हैं। कल 25 मई से नौतपा शुरू होगा जो कि 3 जून तक रहने वाला हैं। ऐसे में नौतपा की तपन प्रदेशवासियों को गर्मी का अहसास करवाएगी। मौसम विभाग की माने तो आने वाले 3-4 दिन प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ेगी और प्रदेश के कई शहरों में पारा 40 डिग्री के ऊपर जा सकता है। भले ही नौपता कल से शुरू हो रहा हो, लेकिन सूरज ने आज से भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। आज जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली।
ज्योतिषियों के माने तो सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ ही नौतपा शुरू हो जाता है। इस बारे में कहा जाता है कि सूर्य जब रोहिणी नक्षत्र में 14 दिनों के लिए आता है, तो उन पंद्रह दिनों के पहले नौ दिन सर्वाधिक गर्मी वाले होते हैं। इन्हीं शुरुआती नौ दिनों को नौतपा के नाम से जाना जाता है। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही धरती का तापमान तेजी से बढ़ने लगेगा। ज्योतिषियों के मुताबिक इस साल रोहिणी का निवास तट पर रहेगा। बारिश अच्छी होगी, जिससे फसल का उत्पादन भी अच्छा होगा।मौसम विभाग की माने तो बंगाल की खाड़ी में आए नए चक्रवात का भी प्रदेश के मौसम में कोई खास असर नहीं पड़ेगा। इससे पहले अरब सागर में आए चक्रवात ताऊ ते ने प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव किया था। बीते दिनों ताऊ ते के आने से पहले प्रदेश का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा था, लेकिन इसके आने के बाद से अब तक तापमान में गिरावट बनी हुई है।