महाराष्ट्र : स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दिए राज्य में जारी कोरोना प्रतिबंधों में ढील के संकेत, मास्क फ्री करने की तैयारी!

महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा हैं जहां संक्रमण दर में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही हैं। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को महाराष्ट्र में 1,035 कम नए कोविड केस सामने आये हैं। मुंबई में 21 दिसंबर को पॉजिटिविटी रेट 1% थी जो फिर से 56 दिन बाद 1% पर पहुंच गई जो कुछ दिनों पहले तक 25% हो गई थी। इस बदलती स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने राज्य में जारी प्रतिबंधों में ढील के संकेत दिए हैं।

गुरुवार को राजेश टोपे ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में और प्रतिबंध लगाने की जरूरत नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को एहतियाती उपायों का पालन करना चाहिए। टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र को जल्द से जल्द मास्क मुक्त बनाने के लिए अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में केंद्र और राज्य कोविड टास्क फोर्स से जानकारी मांगी गई है।

टोपे ने कहा कि कई देशों ने अपने SARS-CoV-2 वायरस के खिलाफ सबसे बड़े हथियार यानी मास्क की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है। हाल ही में कैबिनेट की बैठक में हमने राज्य को मास्क फ्री करने पर चर्चा की है। UK जैसे कई देशों ने अपने नागरिकों को मास्क पहनना बंद करने के लिए कहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र से रिपोर्ट आने के बाद भी हम राज्य की संख्या को देखते हुए मास्क नियम को जारी रखेंगे।