गुरुग्राम : मेट्रो में अश्लील हरकतें कर रहा था शख्स, गिरफ्तार

गुरुग्राम में चलती मेट्रो में युवतियों व महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहां मेट्रो थाना पुलिस ने चलती मेट्रो में युवतियों व महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लील इशारे करने वाले 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। दरअसल, बीते काफी समय से चलती मेट्रो में युवक द्वारा अश्लील हरकत संबंधी शिकायतें गुरुग्राम पुलिस को मिल रही थीं। जिस पर कार्रवाई करते हुए मेट्रो थाना पुलिस ने देर शाम दादरी हरियाणा के रहने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है।

गुड़गांव पुलिस के अधिकारी सुभाष बोकन ने बताया कि इस शख्स की सभी अश्लील हरकतें मेट्रो में लगे सीसीटीवी कैमरे कैद हुईं। इन फुटेज को देखने के बाद शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस शख्स का नाम नितिन है, जो हरियाणा के चरखी दादरी इलाके का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद इस शख्स ने पहले भी इसी तरह की अश्लील हरकतें करने की बात कबूली।

पहले भी दो मामलों में था आरोपी

22 साल का यह युवक चलती मेट्रो में न केवल मौका लगते ही युवतियों और महिलाओं को गंदे इशारे करता था। पुलिस ने बताया कि युवक पहले भी छेड़छाड़ के दो मामलों में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।