गुजरात / घर जाने की मांग, प्रवासी श्रमिकों का सूरत में हंगामा, पुलिस से हुई झड़प, देखे वीडियो

देश में जारी लॉकडाउन में गुजरात के सूरत में एक बार फिर प्रवासी मजदूरों ने हंगामा किया। पलसाना और पालनपुर में गुजरात के बाहर के राज्यों से आये श्रमिक घर जाने की मांग करते हुए सड़क पर आ गए। इसी दौरान जमकर हंगामा हुआ। मजदूरों ने पथराव किया। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी मजदूरों ने पथराव किया और इसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने हालात काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले भी दागे।

एक अधिकारी ने बताया कि अपने अपने गृह नगर लौटना चाह रहे सैकड़ों प्रवासी श्रमिकों की पुलिस के साथ झड़प हुई है। श्रमिकों ने पत्थर भी चलाए, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

बता दे, प्रवासी मजदूर 10 अप्रैल को हंगामा कर चुके हैं। मजदूरों का आरोप था कि उन्हें पर्याप्त खाना नहीं मिल रहा है। कोरोनावायरस संकट के दौरान वे यहां असुरक्षित हैं। तब किसी तरह पुलिस ने मजदूरों को समझाकर शांत किया था।