कोरोना का तांडव! गुजरात के अहमदाबाद में हर 100 संक्रमित मरीजों में से 2 से ज्यादा की हो रही मौत

गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना से होने वाली मौत के आंकड़ों ने अब डराना शुरू कर दिया है। अहमदाबाद में कोरोना से 2500 से अधिक मौतें हो चुकी है। यहां संक्रमण से होने वाली मौतों का दर 2.4% तक पहुंच गया है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक गुजरात में अब तक हुई 6 हजार 656 मौतों में से 40% से ज्यादा 2,844 मौतें अकेले अहमदाबाद में हुई हैं।

गुजरात में पिछले 24 घंटों में 14,120 नए केस दर्ज हुए हैं। 29 दिन बाद केस में मामूली गिरावट आई है। मंगलवार को 14,352 नए केस आए थे। वहीं, 8,595 मरीज ठीक हुए। बुधवार को रिकॉर्ड 174 मरीजों की मौत हुई है। इसके साथ ही मरने वालों का आंकड़ा 6,830 हो गया। पिछले पांच दिनों से लगातार मरने वालों का आंकड़ा 150 से अधिक आ रहा है।

रिकवरी रेट घटकर 74.01% पर आई

प्रदेश में रिकवरी रेट घटकर 74.01% हो गया है। एक्टिव केस 1,33,191 हो गया है, जबकि 421 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। प्रदेश में अब तक 5 लाख 98 हजार 845 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं सूरत में 24 घंटे में 2,116 लोग पाॅजिटिव मिले। सूरत में कुल केसों की संख्या बढ़कर 1 लाख 10 हजार 890 हो गई। जामनगर में बुधवार को कोरोना का इलाज करा रहे 100 से अधिक मरीजों की मौत गई। वहीं, पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 721 नए कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। साथ ही 615 मरीजों के ठीक हो जाने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया। जामनगर में इन दिनोें रोजाना 70-90 लोगों की मौत दर्ज हो रही हैं। इससे पहले बीते गुरुवार को भी 120 मरीजों की मौत दर्ज की गई थी।