7वां वेतन आयोग : सरकारी कर्मचारियों को सरकार का तोहफा, 10,000 रुपए तक बढ़ी सैलरी

केंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को तोहफा दिया है। मोदी सरकार ने महंगाई भत्‍ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस बार सरकार ने 4% DA बढ़ाया है। इससे कर्मचारियों की सैलरी 10,000 रुपए महीना तक बढ़ जाएगी। कर्मचारियों को बढ़ा हुआ यह महंगाई भत्ता एक जनवरी 2020 से मिलेगा। 1 करोड़ 13 लाख परिवारों को फायदा पहुंचेगा। इस वृद्धि के साथ केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 21% हो गया है।

आल इंडिया अकाउंट एंड आडिट कमेटी के जनरल सेक्रेटरी एचएस तिवारी ने बताया कि 4% DA बढ़ने के मायने हैं कि लेवल 1 के कर्मचारी, जिसका बेसिक 18,000 रुपए प्रति माह है, उसकी सैलरी में 900 रुपए महीना की बढ़ोतरी होगी। जबकि कैबिनेट सचिव स्‍तर के अधिकारी की सैलरी में 10,000 रुपए महीने का हाइक होगा।

एचएस तिवारी के मुताबिक महंगाई भत्‍ता बढ़ने के साथ सरकारी कर्मचारियों का ट्रैवेल अलाउंस (TA) भी बढ़ेगा। इससे लेवल 1 स्‍तर के कर्मचारी का TA 67.50 रुपए से लेकर 360 रुपए महीना तक बढ़ जाएगा।

पिछली बार कर्मचारियों का DA बढ़कर 17% हुआ था। अब 4% की बढ़ोतरी से यह बढ़कर 21% हो गया है। 2016 में 7वां वेतनमान लागू होने के बाद DA में दूसरी बार यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी होगी। यानि केंद्रीय कर्मचारियों को 3 साल में दूसरी बार सबसे ज्‍यादा फायदा हुआ है। राज्‍य कर्मचारी संयुक्‍त परिषद, यूपी के संयोजक आरके वर्मा ने भी कहा कि इस बार DA में ज्‍यादा बढ़ोतरी होने की उम्‍मीद थी। लेकिन 4% भी अच्‍छी बढ़ोतरी थी।

क्या होता है महंगाई भत्ता

सरकारी कर्मचारियों के रहने-खाने के स्तर को बेहतर बनाने के लिए महंगाई भत्ता (डीए) दिया जाता है। बीते कई दिनों से महंगाई भत्तेको बढ़ाने की मांग की जा रही थी। सूत्रों से खबर है कि केंद्रीय कैबिनेट ने कर्मचारियों और पेंशनधारकों का 4 फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाने का फैसला किया है।