दिवाली से पहले फिर महंगे हुए सोना और चांदी, जाने आज का भाव

दिवाली से पहले सोने और चांदी के दामों में बढ़त देखने को मिल रही है। शुक्रवार को सोना 791 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हुआ (Gold Price, 6 November 2020)। इसके बाद अब 10 ग्राम सोने का नया भाव 51,717 रुपये पर पहुंच गया है। इसके पहले गुरुवार को सोने का भाव 50,926 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो यहां भी आज सोने का भाव 1,950 डॉलर प्रति औंस पर है।

चांदी में 2,147 रुपये की बड़ी छलांग

वहीं, चांदी की बात करे तो आज शुक्रवार को 2 हजार रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। आज दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी का दाम 2,147 रुपये की बड़ी छलांग के साथ 64,578 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है। (Silver Price, 6 November 2020) इसके पहले दिन चांदी का भाव 62,431 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव 25.44 डॉलर प्रति औंस पर है।

क्या और बढ़ सकता है सोने का भाव?

कोरोना के बढ़ते मामले और अनिश्चितता सोने की कीमतों बढ़ोतरी का कारण बन सकते हैं। ऐसे में केंद्रीय बैंक भविष्य को ध्यान में रखते हुए ज्यादा से ज्यादा सोने की खरीददारी कर रहे हैं। इधर, अमेरिका-चीन व्यापार तनाव और भारत-चीन सीमा गतिरोध इस माहौल में केवल अनिश्चितताओं को बढ़ा रहे हैं। वहीं, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने संकेत दिया कि ब्याज दरों को 2023 तक शून्य के पास रखा जाएगा।