टोक्यो में ओलंपिक के दौरान भारतीय खिलाड़ियों में पदक की धूम मचाई और अब पैरालिंपिक में भी लगातार मिल रहे पदक ने सभी को गौरवान्वित किया हैं। अवनी लेखरा ने टोक्यो पैरालिंपिक में शूटिंग में गोल्ड मेडल जीतकर सभी का दिल जीता हैं और उनके फैंस अब उन्हें बधाई देने में लगे हुए हैं। ऐसे में आप भी चाहे तो डाक विभाग की अच्छी पहल के तहत गोल्ड मेडलिस्ट अवनी को शुभकामना संदेश भेज सकते हैं। इसे डाक विभाग ई-पोस्ट के माध्यम से पहुंचाएगा। इससे पहले बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु के ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मैडल जीतने पर डाक विभाग ने स्पेशल कवर जारी किया गया था और उनके 10 हजार फैंस की ओर से भेजे गए शुभकामना संदेशों को ई-पोस्ट के माध्यम से पहुंचाया था।
डाकघर प्रवर अधीक्षक प्रियंका गुप्ता ने बताया कि आम जन भी राजस्थान की बेटी को बधाई एवं शुभकामना संदेश डाक विभाग की ई-पोस्ट सेवा के माध्यम से त्वरित गति से भेज कर सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति शुभकामना संदेश ए-4 साइज के पेपर पर टाइप करवाकर अथवा स्वयं की हस्तलिपि में लिखकर किसी भी डाकघर अथवा पोस्टमैन को दे सकता है। यह संदेश डाकघर के माध्यम से 15 सितंबर तक भेजे जा सकते हैं।