तेलंगाना के संगारेड्डी जिले से एक पुलिसवाले की शर्मनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक पुलिस वाला एक शख्स को लात मरता दिख रहा है। यह शख्स और कोई नहीं एक पिता है जिसकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। पिता अपनी बेटी के शव को आगे बढ़ने से रोक रहा है और उसे पुलिस वाले हटा रहे हैं। इसी दौरान एक पुलिसवाला उसे लात मारता दिखाई देता है। क्या है पूरा मामला?
संगारेड्डी जिले स्थित नारायणा जूनियर कॉलेज में 11वीं में पढ़ने वाली 16 साल की छात्रा संध्या रानी ने कथित तौर पर हॉस्टल में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली थी। जिसके बाद छात्रा को प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके बाद उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पाटनचेरू के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। फ्रीजर में डालकर छात्रा का शव मोर्चरी में रखा गया था। अस्पताल में उस वक्त हंगामा हो गया जब दर्जनभर छात्रों के एक समूह ने उसके शव को जबरन मोर्चरी से निकाल लिया ताकि प्राइवेट कॉलेज में उसे रखकर विरोध-प्रदर्शन किया जा सके। इसी दौरान पुलिस वाले छात्रा के शव को तेजी से मोर्चरी के तरफ ले जाने लगे, तभी मृत छात्रा के पिता शव के आगे लेट गए। इसके बाद एक पुलिसवाले ने मृत छात्रा के पिता को लात से मार दिया। छात्रा के परिवार वालों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही की वजह से उनकी बेटी की जान गई।