जोधपुर : शादी करने के नाम पर 4 साल तक हुआ युवती से यौन शोषण, गर्भवती हुई तो गिरवाया बच्चा

शहर में भरोसे का क़त्ल करने वाली एक वारदात सामने आई जहां एक युवती से शादी करने के नाम पर 4 साल तक यौन शोषण होता रहा और जब वह गर्भवती हुई तो उसका बच्चा भी गिरवा दिया गया। इस मामले में उत्तर प्रदेश की युवती ने मंडोर पुलिस थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया हैं। मंडोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल करवाया है। मामले की जांच मंडोर थाना अधिकारी कर रहे है।

मंडोर थानाधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने स्वयं पेश होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मंडोर क्षेत्र में एक युवक के साथ चार वर्ष से रह रही है। युवक ने उसे शादी का झांसा दे रखा था। उस पर विश्वास कर वह साथ में रहने लग गई। शादी करने के नाम पर वह लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। इस कारण वह गर्भवती भी हो गई, लेकिन उसने अस्पताल ले जाकर जबरन गर्भपात भी करवा दिया। अब वह शादी करने से भी मुकर गया है। युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म करने के साथ ही जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।