असम से यूके तक: 8 वर्षीय बिनीता चेत्री ने BGT के जजों का जीता दिल, CM ने दी शुभकामनाएं – देखें वीडियो

असम की 8 वर्षीय बिनीता चेत्री ने ब्रिटेंस गॉट टैलेंट (BGT) में अपनी शानदार डांस परफॉर्मेंस से सभी का दिल जीत लिया है। उनकी प्रस्तुति ने न सिर्फ जजों को प्रभावित किया, बल्कि दर्शकों की जोरदार तालियां भी बटोरीं। इस नन्ही प्रतिभा ने अपनी बेहतरीन कला से भारत से लेकर लंदन तक धूम मचा दी है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दी शुभकामनाएं

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी बिनीता की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया, असम से यूके तक, असम की प्रतिभा ब्रिटेंस गॉट टैलेंट में चमक रही है। बिनीता चेत्री ने अपनी पावरफुल परफॉर्मेंस से BGT के जजों को 'Awww' कहने पर मजबूर कर दिया और अगले दौर में जगह बना ली। मेरी शुभकामनाएं इस छोटी बच्ची के साथ हैं, और उम्मीद करता हूं कि वह अपना 'पिंक प्रिंसेस हाउस' खरीदने का सपना पूरा कर सके। जब जज पियर्स मॉर्गन ने बिनीता से पूछा कि BGT उनके लिए क्या मायने रखता है, तो उन्होंने कहा, यह मेरा ड्रीम स्टेज है, और मैं इसे जीतना चाहती हूं। जब उनसे पूछा गया कि अगर वह जीतती हैं तो क्या करेंगी, तो मासूमियत से उन्होंने जवाब दिया, मैं एक पिंक प्रिंसेस हाउस खरीदना चाहती हूं। उनके इस जवाब पर न केवल जज बल्कि पूरी ऑडियंस मंत्रमुग्ध हो गई और तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। बिनीता की जबरदस्त परफॉर्मेंस ने BGT के जज साइमन कॉवेल, अमांडा होल्डन और पियर्स मॉर्गन को प्रभावित किया, जिससे उन्हें शो के अगले दौर में प्रमोट कर दिया गया है।

बिनीता चेत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कुछ खास तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा,जब कड़ी मेहनत और प्रतिभा मिलती है, तो यह निस्संदेह जादू पैदा करता है। यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि आज मैं दुनिया के सबसे बड़े मंचों में से एक पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हूं। यह मेरे नए सफर की शुरुआत है, और यह आप सभी के समर्थन के बिना संभव नहीं था। कृपया अपना प्यार और आशीर्वाद इसी तरह बनाए रखें। बहुत-बहुत धन्यवाद!

बिनीता की इस पोस्ट को उनके प्रशंसकों से भरपूर प्यार मिल रहा है, और लोग उनकी इस प्रेरणादायक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।