Republic Day 2021: ध्वजारोहण के साथ अयोध्या में बनने वाली मस्जिद का आज होगा सांकेतिक शिलान्यास

आज सारा देश 72वें गणतंत्र दिवस का जश्न मना रहा है। गणतंत्र दिवस के मौके पर ध्वजारोहण के साथ अयोध्या में बनने वाली मस्जिद का शिलान्यास भी होगा। राम जन्मभूमि से लगभग 25 किलोमीटर दूर सोहावल तहसील के धनीपुर गांव में 5 एकड़ की जमीन पर मस्जिद के साथ-साथ हॉस्पिटल कम्युनिटी किचन कल्चरल हॉल बनाए जाएंगे। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राज्य सरकार ने सोहावल तहसील के धनीपुर गांव में मस्जिद बनाने के लिए 5 एकड़ जमीन दी है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का पालन करते हुए राज सरकार ने सुन्नी वक्फ बोर्ड को यह 5 एकड़ जमीन मुहैया कराई है। अब बने हुए इंडो इस्लामिक कल्चर फाउंडेशन जल्द ही मिट्टी की जांच के बाद मस्जिद का निर्माण शुरू कर देगा।
9 सदस्य 9 पौधरोपण कर मस्जिद का सांकेतिक शिलान्यास करेंगे

गणतंत्र दिवस के मौके पर इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन के सभी 9 सदस्य 9 पौधरोपण कर मस्जिद का सांकेतिक शिलान्यास करेंगे। 26 जनवरी को शिलान्यास के बाद राम मंदिर के साथ-साथ जल्द ही मस्जिद का निर्माण भी शुरू हो जाएगा। मस्जिद में 2000 नमाजी एक साथ नमाज पढ़ सकें, इसकी व्यवस्था की जा रही है। साथ ही 200 बेड का सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा यहां एक संग्रहालय और लाइब्रेरी की स्थापना भी होगी। साथ में एक ऐसे सामुदायिक किचन को बनाने की योजना पर भी काम हो रहा है, जहां से हर रोज 1000 लोगों को भोजन दिलाया जा सके।

इंडो स्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ट्रस्ट के प्रवक्ता अतहर हुसैन ने इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ट्रस्ट ने मस्जिद के लिए मिली भूमि का निरीक्षण किया है। अब 26 जनवरी को सबसे पहले ट्रस्ट के पदाधिकारी 8:30 बजे मस्जिद की जमीन पर ध्वजारोहण करेंगे।शिलान्यास से पूर्व लखनऊ के गुंजन लैब की एक्सपर्ट की टीम सोहावल तहसील के धन्नीपुर गांव पहुंची। टीम ने 20 फुट खोदकर कर नीचे की मिट्टी निकालनी शुरू कर दी है। यह मिट्टी गुंजन लैब में जांच के लिये भेजी जाएगी कि इस पर होने वाले निर्माण के भार के सहने की क्षमता कितनी है।

धन्नीपुर गांव पहुंचे गुंजन लैब के सुपरवाइजर देवधर यादव ने बताया कि जमीन के 20 फीट नीचे खोदकर मिट्टी निकालने का काम शुरू किया गया है। जैसे ही 20 फुट नीचे हम पहुंचेंगे उसकी मिट्टी निकाल कर टेस्ट के लिए लैब में ले जाया जाएगा।