अजमेर : सुनसान खंडहर में मिली युवक की लाश, बिजली के तार से बंधे थे हाथ-पैर, हत्या की आशंका

ब्यावर के पास खरवा इलाके में तब सनसनी फैल गई जब यहाँ एक खंडहरनुमा भवन में युवक की लाश मिली। ब्यावर सदर थाना पुलिस ने मौके पर जांच कि तो पाया कि युवक के हाथ-पैर बिजली के तार से बंधे हुए हैं। प्रथम दृष्टया जहां लाश मिली वहीं हत्या की आशंका जताई जा रही हैं। मृतक की शिनाख्त 18 वर्षीय जयराम दमामी के रूप में हुई है। अजमेर से आई एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह कुछ लोग राजकीय बालिका स्कूल के पास बने खंडहरनुमा भवन में गए तो वहां कोने में युवक की लाश पड़ी थी। उसके हाथ-पांव तार से बंधे थे। सदर थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह जोधा ने बताया कि मृतक गांव का रहने वाला था। वह ननिहाल में रहता था।
जहां लाश मिली, वहीं हत्या की आशंका

आशंका है कि युवक की जहां लाश मिली, वहीं उसकी हत्या की गई है। फिलहाल, हत्या का कारण साफ नहीं है। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि मंगलवार दोपहर को कुछ युवक पतंग उड़ाने आए थे और तब वहां कोई शव नहीं था। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि मृतक को मंगलवार दोपहर तीन बजे करीब पतंग उड़ाते हुए देखा था। इसके बाद उसे नहीं देखा। शाम को घर नहीं पहुंचा तो तलाश भी की गई। लेकिन कुछ पता नहीं चला। ऐसे में आशंका है कि रात के वक्त ही युवक की हत्या की गई है।लॉकडाउन में आया था ननिहाल, तब से यहीं रह रहा था

पुलिस ने बताया कि मृतक चंडावल, पाली का रहने वाला था। वह अपनी मां व छोटे भाई-बहन के साथ लॉकडाउन में ननिहाल आया था। उसके दोनों भाई व बहन खरवा में ही पढाई कर रहे थे। वह काम की तलाश में था। बताया जाता है कि पिता उनका लालन पालन नहीं कर रहा था और ऐसे में मां उनको लेकर अपने दो भाईयों व मां के पास आ गई। तब से यहीं पर रह रही थी।