पिछले 24 घंटों में 4 उड़ानों की हुईं आपातकालीन लैंडिंग, अच्छी खबर सभी यात्री सुरक्षित

पिछले 24 घंटों में 4 उड़ानों की आपातकालीन लैंडिंग हुई है। अच्छी खबर ये है कि इन उड़ानों के सभी यात्री सुरक्षित हैं। रविवार को मुंबई हवाई अड्डे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस IX-247 की हाइड्रोलिक विफलता के कारण आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। ये फ्लाइट मुंबई से दुबई रवाना हो रही थी, लेकिन मुंबई में ही इसकी आपातकालीन लैंडिंग हुई।

इससे पहले दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट ने सुबह 10 बजे बाएं इंजन में गड़बड़ी आने के कारण वाराणसी हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने ANI को बताया कि पायलटों द्वारा नंबर 1 इंजन में कम ईंधन की आपूर्ति नोटिस की गई, जिसके बाद उड़ान को वाराणसी के लिए रवाना किया गया। पायलट ने SoP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का पालन करते हुए वाराणसी में सुरक्षित रूप से लैंडिंग की। यात्रियों को सामान्य रूप से निकाला गया। निरीक्षण करने पर एक ईंधन नियंत्रण वाल्व में खराबी पाई गई।

शनिवार की रात को कोलकाता हवाई अड्डे पर इमरजेंसी घोषित की गई, क्योंकि एयर इंडिया के विमान से ईंधन का रिसाव शुरू हो गया था। बैंकॉक से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-335 में रात करीब 10:35 बजे तकनीकी खराबी हुई।

शनिवार को ही कोलकाता-चेन्नई इंडिगो की फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण टेक-ऑफ करने के तुरंत बाद चेन्नई लौट गई। एयरलाइंस ने कहा कि यह केवल एक सामान्य परिचालन प्रक्रिया थी और कोई आपातकालीन लैंडिंग घोषित नहीं की गई थी।