45 मिनट तक हवा में झूलते रहे दिल्ली के लिए फ्लाइट से निकले 141 यात्री, फिर से लौटे जयपुर

बीते दिन जयपुर से दिल्ली गई फ्लाइट के 141 यात्रियों को परेशान होना पड़ा और वे 45 मिनट तक हवा में ही झूलते रहे। यह मामला इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2145 का हैं जो यात्रियों को लेकर वापस जयपुर आ गई। रविवार की शाम 8 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई। जयपुर से दिल्ली के लिए इस फ्लाइट में 141 यात्री सवार हुए। लेकिन फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने के बाद जब पायलट ने एटीसी से उतरने की अनुमति मांगी, तो एटीसी ने दिल्ली में खराब मौसम की जानकारी देते हुए लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।

ऐसे फ्लाइट करीब 20 मिनट एयर होल्ड पर रही। बाद में दोबारा लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली तो फ्लाइट चक्कर काटती रही। क्रू ने एयरक्राफ्ट में फ्यूल कम होने की जानकारी एटीसी को दी। एटीसी ने फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया फ्लाइट के जयपुर डायवर्ट होने से यात्री नाराज हुए। 36 यात्री तो रिफंड लेकर अन्य साधनों से दिल्ली गए। 105 यात्रियों ने एयरपोर्ट पर ही हंगामा करना शुरू कर दिया। ऐसे में एयरलाइंस ने बाकी यात्रियों को रात 11:45 बजे दोबारा दिल्ली के लिए रवाना किया।