जोधपुर में सामने आई दिल दहलाने वाली घटना, पूरे परिवार को मार फंदे पर लटका व्यापारी

जोधपुर में आज शुक्रवार को तब सनसनी मच गई जब रातानाडा क्षेत्र में सूर्या ट्विन टावर के एक फ्लैट से चार लोगों की लाश मिली। यहां एक व्यापारी का शव फंदे से झूलता हुआ मिला है जबकि उसकी पत्नी और व दो बच्चों के शव आंगन पर पड़े मिले। घटना का खुलासा तब हुआ जब एक पड़ोसी ने उन्हें आवाज लगाई और नहीं आने पर अंदर झांककर देखा। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एक साथ चार लोगों के मरने की सूचना मिलते ही आला अधिकारी भी वहां पहुंच गए। देखने पर प्रतीत हो रहा हैं कि व्यापारी ने पहले अपने परिवार वालों की हत्या की और फिर फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला को समाप्त कर लिया। फिलहाल मौके पर पुलिस व एफएसएल टीम जांच में जुटी है।
सूर्या ट्विन टावर में निवास करने वाले दीनदयाल अरोड़ा (45 वर्ष), उसकी पत्नी 42 वर्षीय सरोज, 13 वर्षीय बेटा हिरल और 7 वर्षीय बेटी तन्वी अपने फ्लैट में मृत पाए गए हैं। दीनदयाल की घंटाघर सब्जी मंडी के निकट कपड़े की दुकान है। आज सुबह इनके मकान से बाहर नहीं आने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पड़ोसियों 11:30 बजे दीनदयाल के परिवार को आवाज लगाई। एक पड़ोसी ने अंदर का नजारा देखा तो चौंक उठा। अंदर के कमरे में पंखे के हुक से दीनदयाल लटका हुआ था। जबकि दोनों बच्चे व उसकी पत्नी नीचे लेटे हुए थे। थोड़ी देर में मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।जांच कर रही पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। उनका यह मानना है कि पत्नी व बच्चों को पहले जहरीला पदार्थ खिलाया गया लग रहा है। इसके बाद तीनों का गला दबाकर मारा हुआ लग रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि दीनदयाल ने तीनों को मार स्वयं आत्महत्या कर ली।