सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी, क्राइम ब्रांच ने शुरू की जाँच, सुरक्षा बढ़ाई

मुंबई। हिन्दी सिनेमा के ख्यातनाम अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर रविवार सुबह मुँह अंधेरे मोटर साइकिल पर सवार दो लोगों द्वारा गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। हेलमेट पहने दो अज्ञात व्यक्ति तेजी से आए और गैलेक्सी अपार्टमेंट की दिशा में कम से कम चार गोलियां चलाईं। इस घटना की जाँच के लिए मुंबई पुलिस की अपराध शाखा रविवार सुबह अभिनेता के बांद्रा पश्चिम स्थित घर पर पहुंची। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

ज्ञातव्य है कि पिछले कुछ सालों से, सलमान खान और उनके परिवार को बिश्नोई गिरोह जैसे पंजाब स्थित कुछ माफिया समूहों से मौत की धमकियां मिल रही हैं। उन्हें और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकियां दी गई हैं। यह पता नहीं चला है कि गोलीबारी के समय सलमान खान घर पर थे या नहीं।

घटना की जानकारी मिलने पर, बांद्रा पुलिस की एक टीम खान के घर पहुंची और जांच शुरू की। जाँच शुरू करने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा भी कड़ी कर दी।

पुलिस शूटरों का पता लगाने के लिए इलाके में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। बैलिस्टिक विशेषज्ञों के साथ अपराध शाखा और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और इमारत के प्रवेश द्वार पर एक गोली का निशान पाया।

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से मिल रही हैं धमकियाँ

राजस्थान में 1998 में काले हिरण के शिकार की घटना के बाद कई सालों से सलीम खान और सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

2022 में, अपने घर के पास सुबह की सैर के दौरान, सलीम खान को एक नोट मिला, इसमें लिखा था, सलीम खान, सलमान खान बहुत जल्दी आपका मूसेवाला जैसा हाल होगा। गौरतलब है कि पंजाबी रैपर, सिद्धू मूसेवाला की 29 मई, 2022 को उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

सलमान खान को मिली धमकियों के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया है। उन्हें बंदूक के लाइसेंस के लिए परमिट जारी किया है। पिछले साल अभिनेता ने अतिरिक्त सुरक्षा के रूप में एक नई बुलेट-प्रूफ एसयूवी खरीदी थी।