गुलाबी शहर जयपुर को स्वच्छता के नए मानकों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। आज (18 अप्रैल) सुबह 7 बजे से शहर में अब तक का सबसे बड़ा सफाई अभियान ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’ औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया। इस विशाल अभियान की कमान स्वयं नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने संभाली है, जो 9000 सफाई कर्मचारियों के साथ मैदान में उतरकर शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए हैं।
14 घंटे लगातार चलने वाला महाअभियान, सभी जोन और वार्ड होंगे कवरनगर निगम ने इस विशेष सफाई अभियान के तहत जयपुर के सभी 13 जोन और 150 वार्डों को पूरी तरह कचरा-मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए अतिरिक्त डंपर, हूपर और जेसीबी मशीनों की भारी तैनाती की गई है। सामान्य दिनों में शहर से प्रतिदिन लगभग 2000 से 3000 मीट्रिक टन कचरा डंपिंग यार्ड तक पहुंचता है, लेकिन इस 14 घंटे लंबे बिना रुके चलने वाले अभियान में इस आंकड़े को भी पार करने का लक्ष्य रखा गया है।
कमिश्नर ने खुद उठाया झाड़ू, बाजारों में जाकर लिया सफाई का जायजाअभियान की शुरुआत किशनपोल बाजार से की गई, जहां कमिश्नर ओम कसेरा ने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई अभियान में भाग लिया। इसके बाद वे अजमेरी गेट और जलेब चौक पहुंचे, जहां गंदगी की स्थिति देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अब केवल सफाई कार्य ही नहीं, बल्कि हर वार्ड में सख्त माइक्रो लेवल मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।
नागरिकों और व्यापारियों के लिए सख्त संदेश, नियम तोड़ने पर कार्रवाई तयनगर निगम प्रशासन ने शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों को साफ संदेश दिया है कि पहले उन्हें जागरूक किया जाएगा, लेकिन इसके बाद भी यदि कोई सार्वजनिक स्थानों या सड़कों पर कचरा फैलाता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी चालान लगाया जाएगा। कमिश्नर ने जोर देकर कहा कि जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का यह अभियान केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।