गुरुवार का दिन देश में अलग-अलग राज्यों में 4 हादसे हुए। ताजा हादसा महाराष्ट्र के नासिक जिले के सातपुर इलाके में हुआ जहां एक फार्मास्युटिकल पैकेजिंग फैक्ट्री में आग लग गई। नासिक में इस फैक्ट्री में लगी आग इतनी भयानक है कि इसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। आग पर काबू पा लिया गया है फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन वित्तीय नुकसान का आकलन करने की कोशिशें जारी हैं।
इससे पहले दिन में आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और तमिलनाडु के नेवेली में हादसे हुए हैं। गुरुवार तड़के आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के पास एक केमिकल फैक्टरी में गैस लीक होने के बाद वहां 11 लोगों की मौत हो गई और करीब एक हजार लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक पेपर मिल में गैस लीक के चलते मजदूरों के बीमार होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 3 की हालत गंभीर है। फिर खबर आई कि तमिलनाडु के नेवेली में बॉयलर फटने से सात लोग घायल हो गए। राज्य के कुड्डालोर जिले में नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्लांट में यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद प्लांट से धुएं का बादल देखा गया। घटना के फौरन बाद एनएलसी इंडिया लिमिटेड की राहत और बचाव कार्य मुहैया कराने वाले टीमें पहुंच गईं हैं और हालात को काबू करने की कोशिशें की जा रही हैं।