अलवर : बेटे की मौत से पिता को लगा सदमा, डिप्रेशन के चलते फांसी लगाकर दी अपनी जान

अलवर के मालाखेड़ा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें बुधवार रात एक पिता ने दस साल के बेटे की मौत के सदमे में डिप्रेशन के चलते फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना लीली गांव की है। यहां ओमप्रकाश पुत्र मूलचंद बैरवा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि चार दिन पहले उसकी पत्नी अपने पीहर चली गई थी। बुधवार को घर में वह अकेला था। तभी यह कदम उठाया।
थानाप्रभारी दिनेश चंद मीणा ने बताया कि गूगडौद निवासी विनोद पुत्र श्रवण बैरवा ने मामला दर्ज कराया कि उसकी पत्नी पुष्पा ने गुरुवार को अपने पिता ओमप्रकाश को फोन किया। पिता ने फोन नहीं उठाया तो बेटी ने पड़ोसी नेमीचंद जाट को फोन किया। नेमीचंद जानकारी करने ओमप्रकाश के घर पहुंचा। उसका शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। नेमीचंद ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। ओमप्रकाश के पुत्र राहुल की करीब ढाई साल पहले मृत्यु हो गई थी। उसके बाद से ही आेमप्रकाश डिप्रेशन में चल रहा था।