सीकर के गोविंदगढ़ में शनिवार को डीएसपी ऑफिस के सामने बेहद भयावह हादसा देखने को मिला जिसमें एक तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से जा टकराई जिसमें फतेहपुर के विधायक हाकमअली का बेटा घायल हो गया। हादसे में गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। आसपास के ग्रामीणों की मदद से कार में से घायलों को बाहर निकाला गया। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद एमएलए हाकमअली भी अस्पताल पहुंचे। विधायक हाकम अली ने बताया कि उनके किसी कोरोना से ठीक हुए जानकार को अस्पताल से छुट्टी मिली थी। जिसे लेने के लिए इमरान अपने दो दोस्तों के साथ कार से जयपुर जा रहा था।
एमएलए हाकम अली का बेटा इमरान खान, साथी रमजान खान और आदिल खान के साथ जयपुर जा रहा था। घायलों ने बताया कि इस दौरान गोविंदगढ़ में डीएसपी आफिस के सामने उनकी कार के आगे नील गाय आ गई थी। उसको बचाने के चक्कर में गाड़ी तीन बार पलटी खा गई। इसके बाद किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई। धमाके की आवाज के साथ पोल से चिंगारी निकली देख डीएसपी संदीप सारस्वत और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि कार ने आग नहीं पकड़ी। सभी घायलों का चौमूं के सिद्धिविनायक हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।