पोता-पोती की जिद पर दादा ने बना डाला भारत-पाक बॉर्डर से 13 किमी दूर रेतीले धोरों में तिरंगा

आज 73वां गणतंत्र दिवस देशभर में मनाया जा रहा हैं जहां सभी तरफ देशप्रेम और देशभक्ति देखने को मिल रही हैं। हर तरफ तिरंगा लहराता हुआ दिखाई दे रहा हैं। इस बीच भारत-पाक बॉर्डर से महज 13 किमी दूर रेतीले धोरों पर पोता-पोती की जिद पर दादा ने 10 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा तिरंगा बना डाला। किसान जिले के बावड़ी गांव का रहने वाला है। किसान ने रेतीले धोरों पर देशभक्ति की यह नजीर पेश की है।

दरअसल, आर्मी डे के दिन जैसलमेर में फहराए गए विशाल तिरंगे को देखकर किसान धीराराम नेहरा के पोता-पोती गीता (12) व दीपक (9) ने भी जिद की। दोनों बच्चों ने दादा से कहा- 26 जनवरी को देश का तिरंगा बनाते हैं। बच्चों की जिद पर दादा ने बाजार से करीब 10 किलो तिरंगे रंग की अलग-अलग गुलाल मंगवाई। 5 घंटे में टीलों पर तिरंगा उकेर दिया।

किसान धीराराम नेहरा बताते हैं कि मेरा गांव भारत-पाक बॉर्डर के नजदीक है। मैंने टीवी व अखबारों में देखा कि जैसलमेर में आर्मी डे के दिन बॉर्डर के पास विशाल तिरंगा लगाया गया था। बच्चे भी बोल रहे थे कि तिरंगा बनाओ। तभी मेरे मन में ख्याल आया कि क्यों न रेत के टीले पर गुलाल से तिरंगा बनाया जाए।