आगरा / अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में धमाका, दो की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

आगरा के थाना शाहगंज इलाके के आजमपाड़ा में शनिवार रात को तेज धमाके के साथ दो घरों में आग लग गई। इस धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस (Police) के मुताबिक दोनों ही घरों में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्रियों का संचालन किया जा रहा था। घनी आबादी के बीच ही दोनों फैक्ट्रियां चल रही थी। धमाके के बाद दोनों ही घर धराशायी हो गए। आस-पास के घरों को भी नुकसान पहुंचा। सूचना पर पहुंची फायरब्रिगेड और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

एसपी सिटी रोहन पी बोत्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जो सूचना मिल रही है उसके अनुसार चमन मंसूरी नाम का एक व्यक्ति है जिसके घर में अवैध रूप से पटाखा बनाया जा रहा था। इस हादसे में दो लोगों के मरने की खबर है जबकि चार लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस हादसे में सिलेंडर फटने की भी सुचना मिली है। फिलहाल मौके पर पुलिस जांच कर रही हैं।