जैसलमेर : शुरू होने के साथ ही विवादों में घिर गई अलादीन खां स्मृति क्रिकेट ट्रॉफी, तालिबान नाम की टीम को किया बाहर

जैसलमेर में अलादीन खां स्मृति क्रिकेट ट्रॉफी की शुरुआत की गई हैं जो कि शुरू होते ही विवादों में घिर गई हैं क्योंकि इसमें एक टीम का नाम तालिबान क्लब था जिसे अब बाहर कर दिया गया हैं। आयोजक भले ही माफी मांगकर सफाई दे रहे हों, लेकिन टीम का मैच कराने और स्कोर अपने पेज पर शो करने के नाम पर वे चुप्पी साधे हुए हैं। आयोजकों ने इस तालिबान क्लब का एक मैच तक करा दिया और वह टीम जीत भी गई। अपने पेज पर उन्होंने स्कोर भी शो कर दिया। इसके बाद हंगामा होना तय था। सोशल मीडिया पर अचानक आयोजक ट्रोल होने लगे। किरकिरी होती देख आयोजक हरकत में आए। उन्हें टीम को ही बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा। साथ ही माफी भी मांगी।
जैसलमेर के जेसूराना गांव में हर साल यह ट्राफी आयोजित की जाती है। इसमें आसपास के गांवों की टीम हिस्सा लेती हैं। समाजसेवी अलादीन खान स्मृति में क्रिकेट प्रतियोगिता का 22 अगस्त से आयोजन किया जा रहा है। इसमें 10 टीम खेल रही हैं। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अमीन खान ने रविवार को उद्घाटन किया था। तालिबान क्लब की क्रिकेट टीम में मठारखान (कप्तान), अबाल बाजीगर खान, अलाद्दीन खान, अमीन खान, गुमानाराम, हाजी, जाको, जमाल खान, कमाल जंज, खामिश खान, माधे खान, महेश व मेराब खान थे। हर साल होने वाली प्रतियोगिता की इस बार शुरुआत होते ही तालिबान टीम की एंट्री से विवाद हो गया।क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजक इस्माइल खान ने बताया कि हमको टीम की जानकारी नहीं थी। आवेदन ऑनलाइन मंगाए गए थे, इसलिए हम इस ओर ध्यान नहीं दे पाए। जब यह मामला सोशल मीडिया व अन्य तरीकों से हमारे सामने आया तो हमने टीम को बाहर कर दिया है। इस पूरे घटनाक्रम पर खेद है और हम सबसे माफी चाहते हैं।