गहलोत के ऊर्जा मंत्री की फिसली जुबान का फायदा उठा रहे भाजपा समर्थक, कहा था राहुल गांधी के खिलाफ लड़ाई लड़ेगा हर कांग्रेस कार्यकर्ता

राजस्थान की कांग्रेस सरकार के ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी दो दिन पहले मीडिया से बात कर रहे थे जिसमें वे महंगाई के खिलाफ बात कर रहे थे और इस दौरान उनके जुबान फिसल गई और वे राहुल गांधी के साथ के बजाय राहुल गांधीजी के खिलाफ बोल गए जिसका फायदा भाजपा समर्थक उठा रहे हैं। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ लड़ाई लड़ेगा। आसपास बैठे कांग्रेस नेता भी इस गलती को तुरंत समझ नहीं पाए। किसी भी नेता ने इसके लिए भाटी को नहीं टोका​​​​​​। दो दिन पुराने इस वीडियो के इसी हिस्से को काटकर अब भाजपा समर्थक शेयर कर रहे हैं।

महंगाई के खिलाफ बोल रहे भाटी इस वीडियो में उपचुनाव में भाजपा की करारी हार का जिक्र करते हुए कहा कि दो विधानसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी तीसरे व चौथे नंबर पर रहे हैं। वहीं, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता राहुल गांधीजी के खिलाफ लड़ेगा। बीकानेर में ही भाजपा के कई नेताओं ने भाटी के बयान के उसी हिस्से को काटकर अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। बीकानेर भाजपा के नेता मनीष सोनी व जतिन सहल ने इसे सोशल मीडिया पर डालते हुए भाटी पर कटाक्ष किया है। इनके अलावा भी कई नेताओं ने भाटी के बयान पर चुटकी ली है।