लव मैरिज के 40 साल बाद 60 की उम्र में दूल्हा-दुल्हन ने रस्मों-रिवाज के साथ रचाई शादी

राजस्थान के बांसवाडा में बीते दिन अनोखी शादी देखने को मिली जहां लव मैरिज के 40 साल बाद 60 की उम्र में दूल्हा-दुल्हन ने रस्मों-रिवाज के साथ शादी रचाई हैं। बुधवार को बाबू और कांता ने सामाजिक रीति-रिवाज के साथ फेरे लिए। शादी में करीब 100 लोगों ने लिया हिस्सा। विवाहिता के परिवार वालों को भी बुलाया गया। दंपत्ति बाबू और कांता की एक ही संतान है सीमा। उसकी शादी राजू से हुई है। बुजुर्ग दंपती के लिए बेटी-दामाद ही सबकुछ हैं।

दरअसल, करीब 40 साल पहले रूपगढ़ के वड़लीपाड़ा निवासी बाबू (60) को तलाईपाड़ा निवासी कांता (60) से प्यार हो गया था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। तब प्रेम-विवाह समाज में इतना स्वीकार्य नहीं था। परिवार उनकी शादी के खिलाफ था। हालांकि फिर भी दोनों ने लव मैरिज कर ली और साथ रहने लगे। इस पर उन्हें परिवार और समाज का विरोध भी झेलना पड़ा था। इसी वजह से उस समय दोनों की सामाजिक रीति-रिवाज से शादी नहीं हो सकी थी। सामाजिक रूप से शादी न हो पाने की टीस भी बाबू और कांता के मन कहीं न कहीं रह गई थी। उनकी बेटी और दामाद को भी इसका आभास हो गया था। दोनों ने बुजुर्ग दंपती को शादी के बंधन में बांधने की ठानी।

इस बीच एक दूसरे को वरमाला पहनाई। दंपती के घर में हल्दी-मेहंदी की रस्म हुई, महिलाओं ने मंगलगीत गाए। फिर पूरे रस्मो-रिवाज के साथ 60 साल के दूल्हा-दुल्हन की शादी कराई गई। दरअसल, सामाजिक विरोध के कारण दोनों की शादी पहले नहीं हो पाई थी, लेकिन उनकी इकलौती बेटी और दामाद की इच्छा थी कि बुजुर्ग दंपती विवाह के बंधन में बंध जाएं, इसलिए उम्र के इस आखिरी पड़ाव में अब दोनों समाज की मान्यताओं के अनुरूप एक दूजे के हो गए हैं।