ईद का चांद दिखा, देश भर में धूमधाम से मनाया जा रहा है ईद-उल-फितर, राष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं

देश भर में ईद-उल-फितर का त्योहार आज मनाया जा रहा है। मंगलवार देर शाम कोलकाता, बनारस, असम समेत देश के विभिन्न हिस्सों में ईद का चांद देखा गया। इसी के साथ रमजान का मुकद्दस महीना खत्म हो गया। इस मौके पर लोग एक दूसरे को मुबारकबाद दे रहे हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ईद की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा, ‘‘पवित्र रमजान महीने के समापन पर यह त्योहार धर्मार्थ, भाईचारा और दया के हमारे विश्वास को मजबूत करता है।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘इस दिन हम खुद को उन चिर मूल्यों के प्रति खुद को समर्पित करें जो हमारी सभ्यता को दर्शाते हैं।’’
वहीं जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने भी आज ईद का त्यौहार मनाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों से चांद दिखने की तस्दीक हुई है जिसके बाद ईद मनाने का ऐलान कर दिया गया। गौरतलब है कि ईद का त्योहार रमज़ान के रोज़े रखने के बाद मनाया जाता है। इस बार रमजान का महीना सात मई से शुरू होकर चार जून को खत्म हो गया। इस बार 29 रोजे रखे गए।

बता दें कि साल में 2 बार ईद मनाई जाती है। यह ईद ईद-उल-फितर के नाम से जानी जाती है। इसी मीठी ईद भी कहते हैं। दूसरी ईद को ईद-उल-अजहा या बकरीद के नाम से जाना जाता है। ईद के चांद का दीदार करने के लिए लोग रोज़ा इफ्तार करने और मगरीब (शाम) की नमाज़ पढ़ने के बाद छतों पर चढ़ गए और आसमान की ओर टकटकी लगाकर देखने लगे। चांद ने भी रोज़ेदारों को मायूस नहीं किया और अपना दीदार करा ही दिया। हालांकि चांद दिल्ली में तो नहीं दिखा, लेकिन मुल्क के अलग अलग हिस्सों में इसके दीदार हो गए जिसके बाद पूरे देश में ईद उल फितर मनाने का ऐलान कर दिया गया। ईद का चांद दिखने के साथ ही रमज़ान का पवित्र महीना खत्म हो गया। देश के कई हिस्सों में ईद का चांद दिखा है। इसी आधार पर बुधवार को इस्लामी कलैंडर के 10वें महीने शव्वाल की पहली तारीख होने का ऐलान किया गया है। शव्वाल की पहली तारीख को ईद उल फितर का त्योहार मनाया जाता है। इमारत ए शरिया हिंद ने एक बयान जारी कर कहा कि दिल्ली में आसमान साफ नहीं होने की वजह से यहां चांद नहीं दिखा, लेकिन असम और गुजरात के कई हिस्सों में बड़ी संख्या में लोगों ने चांद देखने पुष्टि की। लिहाजा इमारत ए शरिया हिंद की रूअत ए हिलाल (चांद देखने वाली) कमिटी के सचिव मौलाना मुईजुद्दीन अहमद ने पांच जून को ईद उल फित्र मनाने का ऐलान कर दिया। दिल्ली की फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि देश भर में बुधवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोलकाता, बिहार में पटना समेत कई इलाकों, उत्तर प्रदेश के संभल और असम के अलावा कई जगहों से चांद के दीदार होने की पुष्टि हुई है। दिल्ली स्थित जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने भी चांद देखने वाली समिति की बैठक के बाद मंगलवार को ईद का चांद देखे जाने का ऐलान किया। ऐतिहासिक मस्जिद के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, 'आज चांद दिखा है। इसका मतलब है कि दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में कल ईद मनाई जाएगी।'

सबसे पहले दिल्ली की हौज वाली मस्जिद में ईद की विशेष नमाज

दिल्ली में ईद की विशेष नमाज़ सबसे पहले पुरानी दिल्ली के चूड़ीवालान की हौज़ वाली मस्जिद में सुबह पांच बजकर 45 मिनट पर होगी, जबकि ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद में सुबह सवा सात बजे तो चांदनी चौक स्थित मुगलकालीन फतेहपुरी मस्जिद में सुबह सवा आठ बजे नमाज अदा की जाएगी। बता दें कि ईद का त्योहार रमज़ान के रोज़े रखने के बाद मनाया जाता है। इस बार रमजान का महीना सात मई से शुरू होकर चार जून को खत्म हो गया। इस बार 29 रोजे रखे गए। इस दिन मीठे पकवान बनाए जाते हैं। खासकर सेवइयां जरूर बनाई जाती हैं। इस दिन लोग नए कपड़े पहनते हैं। सऊदी अरब समेत खाड़ी के देशों में सोमवार को ईद का चांद नजर आ गया था और मंगलवार को वहां ईद मना ली गई। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा था कि भारत में बुधवार को ईद मनाई जाएगी। आमतौर पर सऊदी अरब में ईद मनाने के एक दिन बाद भारत में यह त्योहार मनाया जाता है।