जोधपुर : फिर मिला एक और शव, अभी तक नहीं हो पाई दोनों शवों की शिनाख्त

जोधपुर के प्राचीन जलाशय गुलाब सागर में गुरुवार को एक किशोर का शव मिला था जिसकी शिनाख्त हो पाती उससे पहले ही शुक्रवार को एक और किशोरी का शव बरामद हुआ। अभी तक दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई हैं। सदर कोतवाली थानाधिकारी हरीशचंद्र सोलंकी ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि गुलाब सागर घाट में कल एक किशोर का शव मिलने के बाद आज एक किशोरी का शव मिला है। दोनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। एक मृतक किशोर व किशोरी की उम्र करीबन 14-15 साल प्रतीत हो रही है।

किशोर का शव दो से तीन व किशोरी का शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस इन दोनों शवों के मिलने की कड़ियों को जोड़ गुत्थी सुलझाने में जुटी है। गुलाब सागर में लगातार दो दिन से 14-15 वर्ष के किशोर व किशोरी के शव मिलने से माना जा रहा है कि दोनों प्रेमी रहे होंगे और उन्होंने एक साथ पानी में कूद अपनी जान दे दी। कल किशोर का शव मिलने के बाद पुलिस ने जोधपुर के सभी थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के बारे में पता लगाया था, लेकिन उक्त किशोर की शिनाख्त नहीं हो पाई। आज किशोरी का शव मिलने के बाद पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में पता लगाना शुरू किया, लेकिन अभी तक गुत्थी सुलझ नहीं पाई है।