घरेलू उड़ानें शुरू / फेस शील्ड में यात्री तो पीपीई किट में दिखे फ्लाइट अटेंडेंट; इन दो राज्यों में अभी शुरू नहीं हुई विमान सेवा

कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देश में 25 मार्च से लॉकडाउन किया गया था। जिसके बाद से ट्रेन और उड़ान सेवा भी बाधित थी। लेकिन अब लॉकडाउन 4 में जब जनता को तमाम रियायतें मिलीं तो लोगों की सहूलियत के लिए ट्रेन और विमान सेवा शुरू करने का फैसला लिया गया। इसी कड़ी में आज 25 मई से घरेलू उड़ान सेवा को भी फिर से शुरू किया गया। 25 मई से आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल को छोड़कर पूरे देश में घरेलू विमान सेवा की शुरुआत हो गई है। दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 4:45 पर पुणे के लिए पहली फ्लाइट रवाना हुई। जबकि मुंबई एयरपोर्ट से सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर पहली फ्लाइट पटना के लिए रवाना हुई।

आंध्र प्रदेश में 26 और पश्चिम बंगाल में 28 मई से

घरेलू विमान सेवा की शुरुआत को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर बताया था, 'देश में नागरिक उड्डयन कार्यों की सिफारिश करने के लिए विभिन्न राज्यों के साथ बातचीत का एक लंबा दिन रहा। आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल को छोड़कर सोमवार से पूरे देश में घरेलू उड़ानों की शुरुआत होगी।' हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि सोमवार से मुंबई और राज्य के अन्य हवाई अड्डों से अनुमोदित और अनुसूची के अनुसार मुंबई से सीमित उड़ानें होंगी। वहीं आंध्र प्रदेश में 26 मई और पश्चिम बंगाल में 28 मई से घरेलू उड़ानों की शुरुआत की जाएगी।

एयरपोर्ट पर खास तैयारियां की गई

करीब दो महीने के बाद घरेलू उड़ानों के टेकऑफ के लिए एयरपोर्ट पर खास तैयारियां की गई हैं। एयरपोर्ट पर अब नए नियमों के साथ सब कुछ बदला-बदला सा नजर आएगा। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए एयरपोर्ट पर दो मीटर की दूरी और टचलेस सिस्टम को फॉलो किया जाएगा। फ्लाइट के यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई। साथ ही एयरलाइन की तरह से सभी को फेस मास्क उपलब्ध कराए गए। साथ ही फ्लाइट अटेंडेंट पीपीई किट पहने दिखाई पड़े। एएनआई के अनुसार, इससे पहले 4 बजकर 45 मिनट पर पुणे के लिए सबसे पहली फ्लाइट रवाना होनी थी उसकी स्टेटस अभी नहीं मिल सका है।

डॉमेस्टिक एयरलाइंस के शुरू होने के बाद सोमवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर यात्रियों की लाइन देखी गई। दिल्ली एयरपोर्ट से चली फ्लाइट जब पुणे पहुंची तो एक महिला यात्री ने कहा कि मैं यात्रा से पहले काफी नर्वस महसूस कर रही थी। लेकिन सभी यात्री सावधानी बरत रहे हैं। उन्होंने कहा, 'अभी कुछ ही यात्री विमान से सफर कर रहे हैं।'

तमिलनाडु के चेन्नई एयरपोर्ट पर भी विमानों की सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों की लाइन लगी हुई देखी गई। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन कराया गया। चेन्नई में दिनभर में सिर्फ 25 यात्रियों को ही आने की इजाजत दी गई है। इसके अलावा मुंबई में भी सिर्फ 25 यात्री ही एक दिन में सफर कर सकेंगे।

वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट पर किसी भी संक्रमण की रोकथाम और कम से कम संपर्क में आने के लिए अलग-अलग प्रवेश गेट पर 24 स्कैन एंड फ्लाई मशीन लगाई गई हैं। इनसे आप अपने ई बोर्डिंग पास को स्कैन कर बोर्डिंग पास की स्लिप पा सकते हैं। मोबाइल से स्कैन कर भी यह स्लिप मिल सकेगी। इसके अलावा काउंटर पर भी बैगेज ड्राप की सुविधा है। जहां एसएमएस से भी बैगेज टैग दिया जाएगा। सामाजिक दूरी के नियम बताने के लिए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं।

राज्य सरकार खुद तय करेगी क्वारंटाइन के नियम

इससे पहले केंद्र ने हवाईयात्रियों को क्वारंटाइन किए जाने के मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट की थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गाइडलाइन जारी कर कहा कि राज्य यात्रियों को क्वारंटाइन करने के नियम खुद तय कर सकते हैं। मंत्रालय ने घरेलू उड़ानों, ट्रेन और बस यात्रा के लिए क्वारंटाइन गाइडलाइन जारी कर राज्यों और हवाई यात्रियों की मुश्किलें काफी हद तक दूर कर दीं।

- कर्नाटक की राज्य सरकार ने कहा है कि राज्य में महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश से किसी भी माध्यम से आने वाले यात्रियों को 7 दिन के इंस्टिट्यूशन और 7 दिन के होम क्वारैंटाइन में जाना होगा।

- उत्तराखंड के यात्रियों को 10 दिन के लिए होटल या सरकारी जगह पर क्वारैंटाइन होना होगा।

- गोवा की राज्य सरकार चाहती है कि राज्य में विमान से आने वाले सभी यात्रियों का एंटी बॉडी टेस्ट किया जाए।

- मध्य प्रदेश सरकार ने कहा कि राज्य में फ्लाइट से आने वाले सभी यात्रियों की स्कैनिंग की जाएगी। यदि किसी को कोराना के शुरुआती लक्षण मिलते हैं, तो उसे क्वारैंटाइन किया जाएगा और जांच के लिए उसके सैंपल लिए जाएंगे। ​​​​​​

- पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में विमान, ट्रेन या बस से आने वाले सभी यात्रियों को अनिवार्य तौर पर 14 दिन के होम क्वारैंटाइन में जाना होगा।

- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 25 मई से राज्य में आने वाले सभी विमान यात्रियों को 14 दिन के इंस्टिट्यूशन क्वरैंटाइन पीरियड में जाना होगा। उन्होंने कहा कि घरेलू उड़ानों के शुरू होने के बाद संक्रमण फैलने की आशंका को दरकिनार नहीं किया जा सकता है।

- अंडमान-निकोबार के प्रशासन ने भी वहां जाने वाले सभी विमान यात्रियों के लिए सख्त स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तय किया है। सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। उन्हें 14 दिन के लिए होम क्वारैंटाइन में जाना होगा।

- ओडिशा, असम, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में विमान यात्रियों को 14 दिन क्वारैंटाइन में जाना होगा।

- दिल्ली सरकार ने कहा कि यात्रियों का क्वारनटीन अनिवार्य नहीं होगा। बिना लक्षण वाले यात्रियों को सलाह दी जाएगी कि वह अगले 14 दिन तक अपने स्वास्थ्य को मॉनिटर करें। अगर उनमें कोई लक्षण आता है तो वह तुरंत डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर को सूचना दें। जिन यात्रियों में कोरोना के लक्षण पाए जाएंगे तो प्रोटोकॉल के हिसाब से उनका इलाज होगा और यदि निगेटिव पाए गए तो उन्हें घर जाने की इजाजत होगी लेकिन अगले 7 दिन आइसोलेशन में ही रहना होगा।

- केरल में यात्रियों को covid19jagratha.kerala.nic.in पर रजिस्टर करना होगा। केरल पहुंचे यात्रियों को 14 दिनों तक क्वारनटीन रहना होगा। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम से दूसरे जिलों तक जाने के लिए केरल परिवहन विभाग की बसें चलेंगी।