गहलोत सरकार पर दीया कुमारी ने साधा निशाना, खारिज किया 'काम किया दिल से, कांग्रेस फिर से' का नारा

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में अब कुछ ही दिन बाकी है। ऐसे में राजनीतिक पार्टियों के बीच वार-पलटवार का भी सिलसिला काफी तेजी से चल रहा है। इस बीच भाजपा उम्मीदवार दीया कुमारी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार (23 अक्टूबर) को राजस्थान में कांग्रेस के काम किया दिल से, कांग्रेस फिर से नारे को खारिज कर दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से तीन, चार महीनों पहले घोषणाएं करके लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकती है। भाजपा ने दीया कुमारी को जयपुर की विद्याधर नगर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।

उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी को जयपुर की विद्याधर नगर सीट से हटाकर उनके लिए रास्ता बनाने के विरोध को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी चीजें होती रहती हैं। ऐसा हर चुनाव में होता है। पार्टी एक परिवार की तरह काम करती है और सब कुछ जल्द ही ठीक हो जाएगा।

कांग्रेस पर वार करते हुए उन्होंने आगे कहा कि राजस्थान की जनता पिछले पांच साल से पूरी तरह से तंग आ चुकी है। दीया कुमारी ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच खींचतान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी आंतरिक लड़ाई के कारण राजस्थान में कई काम नहीं हुए। पिछले छह महीनों में कांग्रेस ने राजस्थान के लोगों को लुभाने की बहुत कोशिश की।

भाजपा नेता दीया ने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार ने चुनाव से पहले कई घोषणाएं और वादे करके सीमाएं लांघ दी, लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिला और जमीन पर कुछ भी हासिल नहीं हुआ।

जनता को बेवकूफ नहीं बना सकती कांग्रेस- दीया

उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस केवल घोषणाएं करके लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकती। लोग समझदार हैं और बहुत सोच-विचार के बाद वोट देंगे। कांग्रेस के पास समय था लेकिन उन्होंने इसका उपयोग नहीं किया। भाजपा नेता दीया कुमारी ने आगे कहा कि उन्होंने यानी कांग्रेस ने आम लोगों के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने बड़े-बड़े दावे किए लेकिन वास्तविकता में किसी को लाभ नहीं मिला।