धौलपुर : पत्नी ने पैसे देने से मना किया तो पति ने दी आत्महत्या करने की धमकी, ब्लेड से काटी अपनी गर्दन

धौलपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां पत्नी ने पैसे देने से मना किया तो पति ने आत्महत्या करने की धमकी देते हुए ब्लेड से अपनी गर्दन काट ली। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामला दिहौली थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। महिला ने बताया कि पति बुधवार को उससे शराब के लिए पैसे मांगने आया। पैसे ना देने पर उसका पति आत्महत्या करने की धमकी देकर बीहड़ों की ओर चला गया। पत्नी उसके पीछे गई। उससे पहले ही पति ने अपनी गर्दन की नस काट ली।

घायल की पत्नी रचना सक्सेना ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में आगरा के रहने वाले जितेंद्र (28) पुत्र हुकुम सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद उसे पति के शराब की लत के बारे में पता चला। शराब के नशे में पति से आए दिन झगड़ा करता था। इससे परेशान होकर शादी के एक साल बाद ही सामोर गांव में अपने मायके चली गई। पति कभी-कभी उससे मिलने के लिए मायके आने लगा। इसके बाद दो महीने पहले पति अपना घर छोड़कर सामोर गांव में ही रहने लग गया। महिला ने बताया कि पति को शराब की लत है। वह दूसरों के खेतों पर काम करके घर का गुजारा करती है।