जोधपुर : आग के हवाले हुआ रुई का गोदाम, आठ दमकलों ने की तीन घंटे की मशक्कत

कल देर रात शहर के कमला नेहरू नगर तृतीय में रुई का एक गोदाम धधक उठा। फिलहाल पता नहीं चल पाया है कि आग किस कारण से लगी। आग निकट स्थित एक टेंट हाउस व फर्नीचर गोदाम तक पहुंच गई। बाद में मौके पर पहुंची आठ दमकलों ने तीन घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तेजी से भभकी आग के विकराल रूप धारण करने से क्षेत्र में एक बार अफरा-तफरी मच गई। इस बीच दमकलों ने मोर्चा संभाल लिया। एक के बाद एक कर मौके पर पहुंची आठ दमकलों ने सबसे पहले आग का विस्तार थामा। इसके बाद आग बुझाने में जुटे।
आग बहुत तेजी से फैल रही थी और इसके निकट के टेंट हाउस व लकड़ी फर्नीचर के गोदाम सहित अन्य रहवासीय मकानों तक फैलने का खतरा खड़ा हो गया। देखते ही देखते आग टेंट हाउस व फर्नीचर गोदाम तक पहुंच गई। इस रहवासीय कॉलोनी के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के समक्ष आवासीय क्षेत्र में रुई गोदाम का विरोध भी जताया।चांदणा भाखर की तरफ जाने वाली देवी रोड पर कमला नेहरू नगर तृतीय में स्थित रुई के एक गोदाम में कल देर रात दो बजे भीषण आग लग गई। रुई में आग बहुत तेजी से फैली और देखते ही देखते आग की लपटें उठना शुरू हो गई। निकट के मकान में रहने वाले इंजीनियरिंग छात्र आशीष सारस्वत ने बताया कि वह रात को पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान उसे गंध के साथ कुछ अलग महसूस हुआ। खिड़की खोल बाहर देखा तो चौंक उठा। आग की लपटें उठ रही थी। इस पर मैने सबसे पहले दमकल और पुलिस को फोन किया। फिर अपने परिजनों सहित अन्य पड़ोसियों को जगाया।