MP News: इंदौर में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन ने दी दस्तक, 6 मरीजों में मिला UK वैरिएंट; कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं

मध्यप्रदेश के इंदाैर में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन ने दस्तक दे दी है। यहां UK स्ट्रेन के 6 मरीज मिले है। नोडल कोविड अधिकारी अमित मालाकार ने बताया कि 20 फरवरी को जांच के लिए दिल्ली भेजे गए 106 सैंपल्स में से 6 में UK स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। इन मरीजों में 10 से 15 फरवरी के बीच संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसमें से किसी भी मरीज की विदेश आने-जाने की हिस्ट्री नहीं है। संक्रमितों में राजेंद्र नगर का 1, तेजाजी नगर इलाके के 3, पलासिया इलाके का 1 और प्रेम नगर इलाके का 1 पेंशेंट शामिल हैं। नया स्ट्रेन 19 से 49 साल की उम्र के मरीजों में मिला है। सभी मरीज पुरुष हैं और संक्रमण के बाद होम आइसोलेशन में हैं। कमिश्नर डॉ। पवन कुमार शर्मा ने शहर में तेजी ने नए केस मिलने के बाद सैंपल दिल्ली भेजने के निर्देश दिए थे। इसके लिए अलग-अलग लेबोरेटरी से चुने गए 100 से ज्यादा सैंपल दिल्ली भेजे गए थे। इन सैंपल के लिए अलग-अलग केस चुने गए। 51 सैंपल असिम्टोमेटिक या अत्यंत कम लक्षण वाले, 27 सैंपल अचानक हार्ट अटैक से मौत वाले और 17 सैंपल सेंट्रल लैब से लिए गए थे। बुरहानपुर में अचानक हुई मौतों के 3 सैंपल भी दिल्ली भेजे गए थे।

लग सकता है नाइट कर्फ्यू

इंदौर कमिश्नर डॉ पवन शर्मा ने नया स्ट्रेन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा, 'वायरस का नया वैरिएंट ज्यादा तेजी से फैलता है। इसलिए संक्रमण तेजी से फैल सकता है, इसीलिए रोको-टोको अभियान काे ज्यादा तेजी और ताकत से लागू करना होगा। सीएम ने भी इसे सख्ती से रोकने के निर्देश दिए हैं। शहर में 3 दिन तक हालात पर नजर रखी जाएगी, संक्रमण कम नहीं होने पर नाइट कर्फ्यू पर विचार किया जाएगा।'

आपको बता दे, मध्यप्रदेश में शुक्रवार को 457 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 308 लोग रिकवर हुए। अब तक 2 लाख 63 हजार 747 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 56 हजार 424 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3866 मरीजों की मौत हो गई। 3457 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में मास्क न पहनने पर अब 100 रुपए जुर्माना देना होगा। नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर देवेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी।