दिल्ली हिंसा के लिए गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार, इस्तीफा दें : सोनिया गांधी

दिल्ली हिंसा को लेकर हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि दिल्ली की मौजूदा हालात चिंताजनक है। एक साजिश के तहत हालात बिगड़े। बीजेपी नेताओं ने भड़काऊ भाषण दिए। चुनाव के दौरान नफरत फैलाया। दिल्ली की स्थिति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। बता दे, इस बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मौजूद रहे। बैठक में हिंसा के दौरान मरने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।

हिंसा की आग में कैसे जली दिल्ली, तस्वीरों में देखें

सोनिया गांधी ने कहा कि बैठक में फैसला लिया गया है कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड से राष्ट्रपति भवन तक शांति मार्च निकालेंगे। सभी सांसदों को कांग्रेस मुख्यालय बुलाया गया है। इस मार्च में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल हो सकती हैं।

इससे पहले पूर्व गृह मंत्री पी। चिदंबरम ने दिल्ली पुलिस पर निशाना साधते हुए ट्विट किया था। उन्होंने कहा कि चाहे गृह मंत्री हो या फिर गृह मंत्रालय, सरकार का कर्तव्य है कि वह हिंसा को रोके। हिंसा सोमवार से जारी है और अब भी हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। यह दिल्ली पुलिस की भारी विफलता को दिखाता है।

CAA पर हिंसा: समय पर नहीं पहुंची पुलिस, भीड़ ने लूटी 80 लाख की शराब

बता दे, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में हुई हिंसा में बुधवार दोपहर तक मरने वालों की संख्या 20 पहुंच गई है। बुधवार सुबह भी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुआ, यहां पर कुछ उपद्रवियों ने एक दुकान में आग लगा दी। 200 से भी अधिक लोग घायल हैं। पिछले 3 दिनों से खौफ में जी रहे नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के मौजपुर, जाफराबाद, भजनपुरा, कबीर नगर, सीलमपुर में माहौल तनावपूर्ण है।