कम होते कोरोना संक्रमण के बाद लॉकडाउन में राहत की उम्मीद, CM केजरीवाल आज कर सकते हैं ऐलान

दिल्ली में कोरोना की रफ्तार अब थम सी गई है ऐसे में लॉकडाउन हटाने की मांग भी बढ़ने लगी है। इसके मद्देनजर आज दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind kejriwal) एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले है। कयास लगाए जा रही है कि केजरीवाल दिल्ली में लॉकडाउन खोलने के संबंध में घोषणा कर सकते हैं। आपको बता दें कि राजधानी दिल्ली में सोमवार 7 जून की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लगा हुआ है।

ऑड-इवन के आधार पर खुल सकती हैं दुकानें

दिल्ली में लॉकडाउन खोलने के संबंध में ऐलान होने की संभावना के साथ ही यह भी कहा जा रहा कि अब बाजारों को भी खोलने की अनुमति दी जा सकती है। ऐसे में खबर है कि दिल्ली में ऑड-इवन के आधार पर दुकानें खोलने की अनुमति दी जा सकती है। इसके अलावा कई अन्य नागरिक सुविधाओं के संबंध में भी दिल्ली सरकार फैसला ले सकती है।

बीते दिन मिले 523 नए मरीज

दिल्ली में बीते दिन 523 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,161 लोग ठीक हुए और 50 की मौत हो गई। अब तक 14.28 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.95 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,497 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 8,060 का इलाज चल रहा है।