गलत साबित होंगे एग्जिट पोल के नतीजे, असली परिणाम कुछ और आएंगे : कांग्रेस

एग्जिट पोल दिल्ली में आम आदमी पार्टी की धमाकेदार वापसी का संकेत दे रहे है। अगर सही साबित हुए तो एक बार फिर केजरीवाल दिल्ली के सीएम होंगे। दिल्ली में लगातार 15 सालों तक राज करने वाली कांग्रेस पिछले बार की तरह ही इस बार भी दिल्ली में अपना खाता नहीं खोल पाएगी। कांग्रेस की स्थिति बद से बदतर होने की आशंका जताई गई है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रभारी पीसी चाको ने एग्जिट पोल्स को गलत बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सर्वे के अनुमानों से बेहतर प्रदर्शन करेगी। असली परिणाम कुछ और आएंगे। चाको ने कहा कि उनकी नजर में एग्जिट पोल रिजल्ट्स सही नहीं हैं।

पीसी चाको ने कहा, 'सबकुछ परिणामों पर निर्भर करता है। एक बार रिजल्ट्स आ जाएं, फिर हम बातचीत करेंगे। मुझे लगता है कि सर्वे सही नहीं हैं। कांग्रेस सर्वे के पूर्वानुमानों से बेहतर करने जा रही है।'
बता दे, कांग्रेस को सिर्फ 5 पर्सेंट वोट मिलने जा रहा है। यह 2015 में उसे मिले वोट का आधा है। 2015 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 10 प्रतिशत वोट हासिल किए थे और उसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। तब 70 सीटों में से एक पर भी कांग्रेस को जीत नसीब नहीं हुई थी। कुछ यही हाल इस बार भी होने की आशंका है। एक्जिट पोल्स की मानें तो दिल्ली में कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुलने वाला।

कांग्रेस के पारंपरिक वोटर रहे मुस्लिमों ने भी इस बार आप का रुख कर लिया। मुस्लिम मतदाताओं ने बीजेपी की हार सुनिश्चित करने के लिए रणनीति के तहत एकतरफा वोट किया। उसे डर था कि अगर कांग्रेस और आप के बीच वोट बंट गए तो बीजेपी को फायदा हो सकता है और वह सत्ता की कुर्सी तक पहुंच सकती है। ऐसे में कांग्रेस को पता था कि केवल आप ही है जो बीजेपी को रोक सकती है ऐसे में कांग्रेस ने चुनाव में ठीक से प्रचार तक नहीं किया। पार्टी की दिल्ली चुनाव से बेरुखी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने अपना घोषणा पत्र जारी करते वक्त भी ठीक से मीडिया मैनेजमेंट करने की जरूरत नहीं समझी। बहरहाल, एग्जिट पोल को नकारने में बीजेपी भी पीछे नहीं रही है। एग्जिट पोल के दावों को नकारते हुए सुनील यादव ने ऐलान किया है पार्टी की जीत हर हाल में होगी। सुनील यादव ने एक ट्वीट में कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा और संगठन ने मुझपर भरोसा किया इसके लिए उनका आभार। केजरीवाल अपना चुनाव हारेंगे और नई दिल्ली में बीजेपी की जीत निश्चित है। अगर यह नहीं हो पाया तो मैं कभी चुनाव नहीं लड़ूंगा। जीवनभर केवल संगठन का ही काम करुंगा। दिल्ली में बीजेपी भले ही एग्जिट पोल पिछड़ गई हो लेकिन पार्टी के बड़े नेताओं का दावा है कि बीजेपी ही सत्ता में वापसी करेगी। दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मनोज तिवारी का दावा है दिल्ली में बीजेपी 48 सीटें हासिल करने वाली है। मनोज तिवारी ने एग्जिट पोल के नतीजों को फेल बताया है। मनोज तिवारी ने एक ट्वीट के जरिए कहा है कि ये सभी एग्जिट पोल फेल होंगे, मेरा ये ट्वीट संभाल कर रखिएगा। बीजेपी दिल्ली में 48 सीट लेकर सरकार बनाएगी। ईवीएम को दोष देने का अभी से बहाना न ढूंढें।

बीजेपी प्रत्याशी कपिल मिश्रा ने भी एग्जिट पोल के दावों को गलत बताया है। कपिल मिश्रा ने कहा है कि सभी एग्जिट पोल के नतीजे गलत साबित होने वाले हैं।