दिल्ली की तर्ज पर राजस्थान में भी बढ़ सकती हैं पाबंदिया, रात 9 बजे ही बंद हो सकते हैं बाजार, CM निवास पर आज कैबिनेट की बैठक

राजस्थान में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा हैं जहां बीते दिन संक्रमितो का आंकड़ा हजार से ऊपर पहुंच गया। बीते दिन प्रदेश में 1137 संक्रमित मिले हैं जिसमें से 745 तो सिर्फ राजधानी जयपुर में ही हैं। इस बढ़ते कहर को देखते हुए राजस्थान में भी दिल्ली की तर्ज पर पाबंदिया बढ़ सकती हैं और वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा सकता है। इसके लिए दोपहर 1 बजे से सीएम निवास पर कैबिनेट की वर्चुअल बैठक बुलाई गई है। कैबिनेट में कोरोना कंट्रोल सबसे प्रमुख एजेंडा है। बैठक में कोरोना एक्सपर्ट पैनल भी अपना प्रेजेंटेशन देगा। इससे पहले पिछले सप्ताह भी दो बार गाइडलाइन जारी हो चुकी है। अब फिर से नई गाइडलाइन तैयार होगी।
जिन जिलों में कोरोना के केस ज्यादा हैं, वहां पर पहले से ज्यादा पाबंदियां लगाने पर विचार किया जा रहा है। नई गाइडलाइन में धार्मिक स्थलों को श्रद्धालुओं के लिए बंद किए जा सकते हैं। बड़े मंदिर अपने स्तर पर भी बंद करने का फैसला ले रहे हैं। खाटूश्यामजी मंदिर प्रबंधन ने इसकी शुरुआत कर दी है। बच्चों में संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्कूलों में ऑफलाइन क्लास बंद करने का फैसला सभी जिलों में लागू किया जा सकता है। पुरानी गाइडलाइन के प्रावधान 7 जनवरी से लागू हो रहे हैं, उससे पहले गाइडलाइन में संशोधन होना तय माना जा रहा है।नई गाइडलाइन में बाजार बंद करने का समय रात 9 बजे किया जा सकता है। साथ ही नाइट कर्फ्यू का समय भी रात 11 बजे की जगह रात 10 बजे से किया जा सकता है। टूरिस्ट प्लेस पर भीड़ पर रोक लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। सिटी बसों में यात्री क्षमता आधी करने के प्रावधान पर भी विचार ​किया जा रहा है। जयपुर-जोधपुर सहित ज्यादा संक्रमण वाले जिलों में सरकारी दफ्तरों में आधे कर्मचारियों को ही बुलाने का प्रावधान किया जा सकता है। धीरे-धीरे पाबंदियों का दायरा और बढ़ना तय माना जा रहा है।