जोधपुर जिले के मथानिया में ठगी का एक मामला सामने आया हैं जहां एक नौसैनिक से इनाम में कार का झांसा दे साइबर ठगी को अंजाम दिया गया और छह लाख रूपये की चपत लगा दी गई। घटना तीन चार रोज पहले की है। नौसैनिक के पिता ने इस बारे में मथानिया थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने बताया कि मामला विशाखापट्टनम का है, फिर भी पुलिस ने यहां पर आईटी एक्ट एवं धोखाधड़ी में केस दर्ज कर लिया है। अब अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मथानिया निवासी गोरखराम माली पुत्र गणेशराम माली ने यह रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसका पुत्र नेवी में नौकरी करता है। उसकी पोस्टिंग विशाखापट्टनम मेें है। तीन चार दिनों पहले किसी शख्स ने उसके पुत्र को फोन कर बताया कि उसके इनाम में हुंडई कार खुली है। कार को यदि वह लेना चाहता है तो कंपनी की कुछ शर्तें पूरी करनी होगी। प्रलोभन में फंसाने के बाद शातिर ने नौसैनिक से पहले खाते में 80 हजार रुपए डलवाए। फिर 60 हजार और धीरे धीरे कर कई बार रूपए डलवाता रहा। अंत तक छह लाख रुपए खाते में डलवा दिए। लेकिन ना तो कार मिली और ना ही उसके द्वारा भेजी गई रकम फिर से मिल पाई।