कपासन : भागने के चक्कर में पलटी तस्करों की गाड़ी, बरामद हुआ 7 क्विंटल डोडा चूरा

पुलिस मुस्तैदी के साथ लगातार नशे के खिलाफ कारवाई कर रही हैं। इसी मामले में पुलिस गश्ती के दौरान 7 क्विंटल डोडा चूरा पकड़ा गया हैं। चित्तौड़गढ के कपासन में गुरुवार रात डोडा चूरा तस्करों की गाड़ी तब पलट गई जब वे पुलिस के गश्ती वाहन को देखकर भागने लगे थे। बदमाश पैदल ही भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाश अंधेरे में फायरिंग करते हुए बच निकले। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस ने जवाबी हमला करते हुए लगभग 7 फायर किए। तस्करों ने करीब 12 फायर किए और फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार उनकी जीप गश्त करती हुई गोराजी का निम्बाहेड़ा से गांव हिंगोरिया की तरफ जा रही थी। इस दौरान गांव मोती खेडा के पास सामने से आ रही एक पिकअप पुलिस के गश्ती वाहन को देख गाड़ी घुमा कर ले जाने लगे। इसी अफरा-तफरी में तस्करों की गाड़ी पलट गई। इसमें सवार दो तस्कर गाड़ी से निकलते हुए पुलिस पर फायर करते हुए भागने लगे। पलटी हुई गाड़ी में प्लास्टिक के 39 कट्टे (थैले) मिले जिसमें अवैध डोडा चूरा भरा था। कुल 7 क्विंटल 18 किलोग्राम डोडा चूरा पाया गया। पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी है।