इंदौर में अस्पताल से भागे 2 कोरोना पॉजिटिव मरीज, मचा हड़कंप

मध्‍य प्रदेश (Madhya Pradesh) के इंदौर शहर स्थित एमआरटीबी हॉस्पिटल से एक कोरोना पॅाजिटिव मरीज और एक संदिग्ध मरीज भागने में सफल हो गया। यह दोनों शनिवार की रात अस्पताल से भागे। दोनों मरीजों के भागने की खबर मिलते ही हॉस्पिटल प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। इस मामले की प्रारंभिक जांच में अस्‍पताल प्रशासन की लापरवाही नजर आई है। जांच के दौरान, पता चला कि कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज अपने आइसोलेशन वार्ड से निकलकर करीब आधे घंटे तक अस्‍पताल परिसर में घूमता रहा। इसी बीच, अस्‍पताल में भर्ती कुछ मरीजों एवं उनके तिमारदारों ने व्‍यवस्‍थाओं को लेकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इसी हंगामें का फायदा उठाकर दोनों मरीज अस्‍पताल से फरार होने में सफल हो गए। तत्‍काल यह जानकारी, जिला प्रशासन और पुलिस के साथ साझा की गई। फिलहाल जिला प्रशासन और मध्‍य प्रदेश पुलिस की संयुक्‍त टीम इन दोनों मरीज की तलाश में जुट गई हैं। अभी तक, ये दोनों मरीज अपने घर नहीं पहुंचे हैं। कोरोना पॉजिटिव मरीज के भागने की जानकारी देर रात सीएमएचओ डॉ प्रवीण जडिया को मिली। जिन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों को जानकारी दी। आनन-फानन दोनों मरीजों की तलाश के लिए रैपिड एक्शन टीम रवाना की गई। देर रात तक टीमें मरीज को खोजती रही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रवीण जडिया ने बताया कि दोनों भागे मरीजों के पते पर जब टीम पहुंची तो वहां ये दोनो नहीं मिले।

उल्‍लेखनीय है कि इंदौर में कोरोना का संक्रमण तेजी से फेल रहा है। शहर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 20 तक पहुंच गई है। इसमें तीन दिन पहले रानीपुरा में रहने वाले तीन युवकों के कोरोना वायरस संक्रमित होने की आशंका जताई गई थी। जिसके बाद, इन तीनों मरीजों को इंदौर के एमआरटीबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मेडिकल टेस्‍ट में एक मरीज का टेस्‍ट पॉजिटव आया था, जबकि दूसरे का निगेटिव आया था। इन दोनों को अस्‍पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था।