दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव महिला ने बच्चे को दिया जन्म, नवजात पूरी तरह से स्वस्थ

कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला ने दिल्ली के एम्स अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया है। नौ महीने की गर्भवती महिला ने शुक्रवार शाम को लड़के को जन्म दिया। महिला एक दिन पहले ही कोरोना संक्रमित हुई थी। 29 वर्षीय महिला इलाज के लिए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थी। डॉक्टरों के अनुसार बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है। 10 डॉक्टरों की एक टीम ने योजना बनाई और उसी वॉर्ड को ऑपरेशन थियेटर में बदल दिया गया। इसके बाद सर्जरी के जरिए महिला की सफल डिलीवरी की गई। दिल्ली में कोविड-19 पॉजिटिव मां से पैदा होने वाली यह पहला बच्चा है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक एम्स के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने कहा, 'मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सी-सेक्शन के जरिए बच्चे की एक हफ्ते पहले डिलीवरी की गई। फिलहाल, बच्चे को मां के साथ रखा गया है क्योंकि उसे स्तनपान की आवश्यकता होगी। अब तक कोई सबूत नहीं मिली हैं कि संक्रमण स्तनपान के माध्यम से बच्चे तक फैल सकता है। मां कोविड-19 पॉजिटिव है। हम बच्चे के सैम्पल्स भी कलेक्ट करेंगे।'

बता दे, महिला एम्स में फिजियोलॉजी विभाग के वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर की पत्नी है। यह दंपति गुरुवार को टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। वहीं, शुक्रवार को डॉक्टर का भाई भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया।