कोरोना संकट / दुनिया में अब तक 1 लाख 54 हजार की हुई मौत, चीन में मौतों का आंकड़ा बड़ा, अमेरिका में शुक्रवार को 2,535 ने तोडा दम

पूरी दुनिया में 22 लाख 50 हजार से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके है और एक लाख 54 हजार जान जा चुकी है। अमेरिका में हर दिन होने वाली मौतों में कमी होता नजर नहीं आ रहा है। यहां शुक्रवार को 2,535 जान गई हैं। वहीं, 32 हजार 165 संक्रमित हुए हैं। देश में अब तक 37 हजार 154 लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि संक्रमण के सात लाख नौ हजार 735 केस मिल चुके हैं।

ट्रम्प ने शुक्रवार को ट्वीट किया- 'चीन ने अचानक इस अज्ञात शत्रु से होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़ाकर दोगुना कर दिया है। लेकिन यह इससे कहीं ज्यादा है। ये अमेरिका में हो रही मौतों से भी ज्यादा है।' उनका यह बयान तब आया, जब कहा गया कि महामारी का केंद्र रहे चीन के वुहान शहर में 1,290 और मौतें हुई हैं। इन मौतों के बारे में दुनिया अब तक अंधेरे में थी। इसी के साथ चीन के आंकड़ों में बढ़ोतरी हुई। बता दें कि इससे पहले कोरोना वायरस के केंद्र रहे वुहान शहर के अधिकारियों ने अपने यहां मौत के आंकड़ों में पचास फीसदी की बढ़ोतरी कर दी। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने वुहान के मौत के आंकड़ों में 1290 नई मौतें जोड़ी हैं। वुहान में पहले कोरोना वायरस की वजह से 2579 मौतें दिखाई गई थीं। लेकिन असलियत में मौतों की संख्या 3869 थी। ये नया आंकड़ा 2579 में 1290 जोड़ने से आया है। इसी के साथ ही चीन में कोरोना वायरस से हुई कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर 4632 हो गया है।
- ब्रिटेन में कोरोना से अब तक 14 हजार 576 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक लाख आठ हजार 692 संक्रमित हैं। व्यापार सचिव आलोक शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने जल्द से जल्द टीका बनाने के लिए एक खास टासकफोर्स का गठन किया है।

- रूस की राजधानी मॉस्को में महामारी से 24 घंटे में 21 मरीजों की मौत होने से यह आंकड़ा बढ़कर 148 पहुंच गया है। कोरोना वायरस प्रतिक्रिया केंद्र ने शनिवार को एक बयान में कहा- संक्रमित मरीज जिनका इलाज किया जा रहा था, उनमें से 21 की मॉस्को में मौत हो गई। मारे गये मरीजों की उम्र 34 से 91 वर्ष के बीच है। रूस में अब तक 273 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 32 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं।

- दक्षिण कोरिया में 24 घंटे में 18 मामले दर्ज किए गए। देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हजार 653 हो गई है। वहीं अब तक 232 की मौत हो गई है। देश में दो महीनों में पहली बार एक दिन में संक्रमितों का आंकड़ा 20 से कम हुआ है। नए मामलों में नौ विदेशों से आए हैं।

- विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस एडहॉनम गेब्रेसिएसस ने शुक्रवार को कहा कि महामारी के कारण सभी देशों को वन्यजीवों के मांस के व्यापार पर कड़े प्रतिबंध लगाने चाहिए। इन बाजारों में ज्यादातर जगहों पर स्वच्छता का अभाव होता है। गेब्रेसिएसस ने कहा- वेट मार्केट (मांस बाजार) तभी दोबारा खोले जाने चाहिए, जब यहां पूरी तरह फूड सेफ्टी और स्वच्छता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा- नए वायरस का 70% जानवरों से आए हैं। फिलहाल, हम जानवरों से इंसान में संक्रमण को और बेहतर तरीके से रोकने और समझने की कोशिश में लगे हैं। कोरोना वायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

अमेरिका - 7 लाख 9 हजार 735 संक्रमित, 37 हजार 154 मौतें
स्पेन - 1 लाख 90 हजार 839 संक्रमित, 20 हजार 002 मौतें
इटली - 1 लाख 72 हजार 434 संक्रमित, 22 हजार 745 मौतें
फ्रांस - 1 लाख 47हजार 969 संक्रमित, 18 हजार 681 मौतें
जर्मनी - 1 लाख 41 हजार 397 संक्रमित, 4 हजार 352 मौतें
ब्रिटेन - 1 लाख 8 हजार 692 संक्रमित, 14 हजार 576 मौतें
चीन - 82 हजार 719 संक्रमित, 4 हजार 632 मौतें
ईरान - 79 हजार 494 संक्रमित, 4 हजार 958 मौतें
तुर्की - 78 हजार 546 संक्रमित, 1 हजार 769 मौतें
बेल्जियम - 36 हजार 138 संक्रमित, 5 हजार 163 मौतें