राजस्थान में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे है यहां रोजाना संक्रमित मामले आ रहे है। शुक्रवार को राजस्थान में 38 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें जोधपुर में 18 (एक ईरान से आया), टोंक में 6, जयपुर में 5, कोटा में 4, नागौर में 2, झुंझुनू, अजमेर और झालावाड़ में 1-1 मरीज मिला। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1169 पर पहुंच गई है। नागौर में पॉजिटिव मिले दो लोगों में एक महिला कांस्टेबल है। वहीं, दूसरी मुंबई से आई थी। गुरुवार रात को जोधपुर में एक 56 साल के संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। उसे हार्ट से जुड़ी कोई बीमारी थी। राज्य में अब तक संक्रमण से 15 लोगों की जान जा चुकी है। इसमें सबसे ज्यादा 7 मौतें जयपुर में हुई। वहीं, जोधपुर, भीलवाड़ा और कोटा में दो-दो की जान जा चुकी है। इसके अलावा बीकानेर और टोंक में एक-एक की मौत हुई है। इनमें एक 13 साल की बच्ची है बाकी सभी मृतकों की उम्र 50 साल से अधिक थी। राजस्थान में पिछले सात दिनों में गुरुवार को सबसे कम 55 पॉजिटिव केस आए। इससे पहले राज्य में 8 अप्रैल को संक्रमण के 40 मामले सामने आए थे।
उधर, लॉकडाउन की वजह से अजमेर के दरगाह क्षेत्र में फंसे जायरीन में से एक महिला की गुरुवार को मौत हो गई। परिजन शव को दफनाने के लिए कब्रिस्तान ले गए। लेकिन, सुपुर्द-ए-खाक से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कहा कि महिला को संक्रमण की आशंका है, इसलिए शव की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद शव को अस्पताल में रखवाया गया है, जहां सैंपल लिए गए। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रामगंज से पिछले दो दिनों में एक भी मामला नहींजयपुर में संक्रमितों की कुल संख्या 493 पहुंच गई है। शुक्रवार को 5 नए मरीज मिले। जयपुर में पिछले दो दिनों से कोरोना का एपिसेंटर रहे रामगंज से एक भी नया मरीज नहीं आया था। इससे पहले 4 अप्रैल को राजधानी में मरीजों की आंकड़ा शून्य आया था। 7 अप्रैल से मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी थी। हालांकि अन्य दिनों के मुकाबले गुरुवार को सैंपल और जांच दोनों कम की गई। एक दिन में 15 मेडिकल टीमों ने 731 सैंपल लिए जिनमें से रामगंज के सिर्फ 163 ही थे।राज्य के 33 जिलों में से अब तक कोरोना 25 तक पहुंच गया। सबसे ज्यादा जयपुर में 493 (2 इटली के नागरिक) पॉजिटिव हैं। इसके अलावा जोधपुर में 174 (इसमें 41 ईरान से आए), कोटा में 90, टोंक में 77, बांसवाड़ा में 59, जैसलमेर में 44 (इसमें 14 ईरान से आए), भरतपुर में 43, झुंझुनूं में 36, बीकानेर में 35, भीलवाड़ा में 28 मरीज मिले हैं। उधर, झालावाड़ में 18, चूरू में 14, दौसा में 12, नागौर में 10, अलवर और अजमेर में 7-7, डूंगरपुर में 5, उदयपुर में 4, करौली में 3, हनुमानगढ़, प्रतापगढ़, सीकर और पाली में 2-2, जबकि बाड़मेर और धौलपुर में 1-1 व्यक्ति को इस बीमारी ने अपनी चपेट में लिया है।