पंजाब : 24 घंटे में सामने आए 16 नए पॉजिटिव मामले, 2 की मौत

पंजाब में कोरोना संक्रमण के 24 घंटे में 16 नए पॉजिटिव सामने आए है वहीं, 2 लोगों की मौत हो गई है। पहली मौत बुधवार रात चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती रोपड़ के व्यक्ति की हुई। इन्हें डायबिटीज की शिकायत थी। जबकि दूसरी मौत गुरुवार जालंधर में हुई। यहां सिविल हॉस्पिटल में 59 साल के संक्रमित ने दम तोड़ा। इसे मिलाकर राज्य में संक्रमण से मौत का आंकड़ा 10 तक पहुंच गया है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 115 है। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए पंजाब में 18 दिन से कर्फ्यू लगा है।

पंजाब में पहले नवांशहर कोरोना का एपिसेंटर था, वहीं अब यह मोहाली जिले में विस्थापित हो गया है। यहां अब कोरोना के 36 मरीज हैं, इनमें से 15 लोग तो अकेले जवाहरपुर गांव में हैं।

फसल कटने के समय को देखते हुए राज्य सरकार 15 अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू करेगी। मंडियों में भीड़ न लगे, इसके लिए राज्य में मंडियों की संख्या दोगुनी की गई है। सभी मंडियां सैनिटाइज होंगी। गेट पर ही मास्क और सैनेटाइजर का इंतजाम किया जाएगा।

नाभा के पांडुसर मोहल्ले में गुरुवार सुबह एक घर में रेड करके पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। पुलिस के मुताबिक, मोहल्ले के लोगों ने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन करके सूचना दी तो रेड की। गिरफ्तार तीनों पुरुष आरोपी गांव दुलद्दी के रहने वाले हैं। यहां कर्फ्यू के दौरान देहव्यापार किया जा रहा था।